मीरजापुर। जिले के जरूरतमंद, गरीब एवं वंचित वर्ग के लोगों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने और उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से एक नवंबर 2026 को बीएचयू साउथ कैंपस, बरकच्छा में मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का आयोजन किया जाएगा। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशन तथा जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष के मार्गदर्शन में आयोजित इस शिविर में विभिन्न सरकारी विभागों की ओर से स्टॉल लगाए जाएंगे।
शिविर का मुख्य उद्देश्य पात्र लोगों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के साथ निःशुल्क कानूनी सहायता प्रदान करना है। विभिन्न विभागों के स्टॉल पर नागरिकों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी तथा पात्र लाभार्थियों का पंजीकरण कर आवेदन की प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी।
शिविर में आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों, दिव्यांगजनों, महिलाओं, बच्चों, श्रमिकों, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के लोगों और अन्य जरूरतमंद वर्गों को प्राथमिकता दी जाएगी। इसके तहत आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना, वृद्धावस्था पेंशन, निराश्रित महिला पेंशन, दिव्यांगजन पेंशन, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, श्रमिक कल्याण, बाल संरक्षण और महिला कल्याण से जुड़ी योजनाओं की जानकारी एवं सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
इसके साथ ही लोगों को निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराने के लिए कानूनी जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा। महिलाओं और बच्चों के अधिकारों, पॉक्सो एक्ट, घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण तथा अन्य महत्वपूर्ण कानूनी प्रावधानों के बारे में विस्तार से जानकारी दी जाएगी।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, मीरजापुर ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे एक नवंबर को आयोजित होने वाले इस शिविर में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचें और उपलब्ध सुविधाओं का लाभ उठाएं। नागरिकों से यह भी आग्रह किया गया है कि वे अपने आसपास रहने वाले पात्र एवं जरूरतमंद लोगों को शिविर की जानकारी दें, जिससे कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं और निःशुल्क कानूनी सहायता से वंचित न रहे।
News Wani
