महोबा। आगामी शीतलहर और कड़ाके की ठंड को देखते हुए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी प्रभाष कुमार ने गुरुवार को कैंप कार्यालय में संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर आमजन और गोवंश को ठंड से सुरक्षित रखने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शीतलहर से बचाव के इंतजामों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी ने सभी उपजिलाधिकारियों और संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि ठंड का प्रकोप बढ़ने से पहले जिले के सभी रैन बसेरों को पूरी तरह व्यवस्थित कर लिया जाए। वहां नियमित साफ-सफाई के साथ पर्याप्त बिस्तर, कंबल, स्वच्छ पेयजल और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध रहें, ताकि निराश्रित, असहाय और जरूरतमंद लोगों को ठंड के दौरान परेशानी न उठानी पड़े।
उन्होंने प्रमुख चौराहों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन सहित अन्य सार्वजनिक स्थानों पर जरूरत के अनुसार अलाव जलाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। विशेष रूप से उन स्थानों को चिह्नित करने के निर्देश दिए, जहां मजदूर, राहगीर और निराश्रित लोग रात के समय ठहरते हैं। अधिकारियों को रैन बसेरों और अलाव की व्यवस्थाओं का नियमित निरीक्षण कर कमियों को तत्काल दूर कराने की जिम्मेदारी भी सौंपी गई।
बैठक में गौशालाओं में संरक्षित गोवंश को सर्दी से बचाने पर भी विशेष जोर दिया गया। डीएम ने निर्देश दिए कि सभी गौशालाओं में पर्याप्त तिरपाल, ठंडी हवाओं से बचाव के लिए पर्दे, सूखा एवं सुरक्षित आश्रय स्थल, उचित बिछावन, स्वच्छ पेयजल और पर्याप्त मात्रा में चारे की व्यवस्था की जाए। उन्होंने कहा कि शीतलहर शुरू होने से पहले सभी जरूरी इंतजाम पूरे कर लिए जाएं।
जिलाधिकारी ने पशुपालन विभाग और संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ गौशालाओं का नियमित निरीक्षण करने तथा व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ठंड के कारण किसी भी गोवंश को परेशानी नहीं होनी चाहिए।
डीएम प्रभाष कुमार ने कहा कि आमजन को ठंड से बचाना और गोवंश का संरक्षण प्रशासन की प्राथमिकता है। सभी अधिकारी संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। उन्होंने चेतावनी दी कि तैयारियों में लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय कर कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व इन्द्रनंदन सिंह, उपजिलाधिकारी सदर शिवध्यान पांडे, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. रंजन सिंह सहित नगर पालिका एवं नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारी और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
News Wani
