Breaking News

जनगणना-2027 की तैयारियां तेज, व्यापक प्रचार-प्रसार कराने के निर्देश; 16 से 30 नवंबर तक होगी स्वगणना

फतेहपुर, 30 अक्टूबर। न्यूज़ वाणी।  जनगणना-2027 के सफल संचालन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शुक्रवार को कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा गांधी सभागार में मुख्य विकास अधिकारी पवन कुमार मीना की अध्यक्षता में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनगणना के द्वितीय चरण की तैयारियों की समीक्षा करते हुए व्यापक प्रचार-प्रसार और जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।

मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि जनगणना के द्वितीय चरण में नागरिकों को अपनी जानकारी स्वयं दर्ज करने की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इसके लिए 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक स्वगणना की प्रक्रिया संचालित होगी। इसके बाद 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक प्रगणक घर-घर जाकर जनसंख्या गणना का कार्य करेंगे।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जनगणना से जुड़ी महत्वपूर्ण तिथियों और प्रक्रिया की जानकारी प्रत्येक नागरिक तक पहुंचाई जाए, जिससे अधिक से अधिक लोग इसमें भागीदारी कर सकें।

विद्यालयों में प्रतियोगिताओं के माध्यम से बढ़ेगी जागरूकता

सीडीओ ने जिला विद्यालय निरीक्षक और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए कि विद्यालयों में जनगणना विषय पर विभिन्न प्रतियोगिताएं और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कराए जाएं। विद्यार्थियों के माध्यम से उनके परिवारों और आसपास के लोगों को भी इस अभियान से जोड़ने पर जोर दिया गया।

गांवों और शहरों में प्रचार के लिए अपनाए जाएंगे विभिन्न माध्यम

जनगणना का संदेश आम लोगों तक पहुंचाने के लिए ग्राम पंचायत भवनों, आरआरसी सेंटरों, आंगनबाड़ी केंद्रों, स्वास्थ्य केंद्रों और सार्वजनिक स्थानों पर पोस्टर, होर्डिंग व स्टैंड लगाए जाएंगे। नगर निकायों में घर-घर कूड़ा संग्रह करने वाले वाहनों के माध्यम से भी लोगों को जागरूक किया जाएगा।

इसके अलावा घरेलू एलपीजी सिलेंडरों, बिजली बिलों और हाउस टैक्स के बिलों पर जनगणना की महत्वपूर्ण तिथियों की मोहर लगाकर प्रचार कराने के निर्देश दिए गए। स्वयंसेवी संगठनों का सहयोग लेकर भी जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा।

वेबसाइट और हेल्पलाइन से मिलेगी स्वगणना की सुविधा

बैठक में बताया गया कि नागरिक 16 से 30 नवंबर 2026 के बीच आधिकारिक वेबसाइट https://se.census.gov.in पर अपनी जानकारी स्वयं दर्ज कर सकेंगे। जनगणना से संबंधित सहायता के लिए राष्ट्रीय हेल्पलाइन नंबर 1855 और व्हाट्सएप चैटबॉट नंबर 18001801855 भी उपलब्ध कराया गया है।

सीडीओ ने सभी विभागों को आपसी समन्वय बनाकर निर्धारित समयसीमा में तैयारियां पूरी करने और प्रचार-प्रसार में किसी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।

बैठक में जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, नगर निकायों के अधिशासी अधिकारी, विद्युत विभाग के अधिकारी, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

About NW-Editor

Check Also

बंधवा-ललौली मार्ग पर दर्दनाक हादसा, ट्रक की टक्कर से युवक की मौत, दोस्त अस्पताल में भर्ती

फतेहपुर। ललौली थाना क्षेत्र के बंधवा-ललौली मार्ग पर अंग्रेजी शराब ठेके के पास गुरुवार देर …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *