फतेहपुर। ललौली थाना क्षेत्र के बंधवा-ललौली मार्ग पर अंग्रेजी शराब ठेके के पास गुरुवार देर रात तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में अढ़ावल गांव निवासी आदित्य गुप्ता पुत्र सज्जन गुप्ता की मौत हो गई, जबकि उसका साथी जयकरण गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार आदित्य गुरुवार को ही बाहर से अपने घर आया था। देर रात वह अपने दोस्त जयकरण पुत्र रामकृपाल निषाद निवासी भोलिया डेरा, मजरे कोर्रा कनक के साथ बाइक से ललौली से बंधवा की ओर जा रहा था। दोनों बाबा होटल में खाना खाने के लिए निकले थे। इसी दौरान बंधवा की ओर से ललौली जा रहे तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने अंग्रेजी शराब के ठेके के पास उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
टक्कर इतनी भीषण थी कि आदित्य की रास्ते में ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर पहुंचे परिजन दोनों को एंबुलेंस से गाजीपुर अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने आदित्य को मृत घोषित कर दिया। वहीं, जयकरण की गंभीर हालत को देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। बाद में परिजनों ने बेहतर उपचार के लिए उसे माया हॉस्पिटल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
आदित्य की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। उसके पिता सज्जन गुप्ता गांव में रहकर गल्ला खरीदने का कारोबार करते हैं। परिवार में दो बेटे और एक बेटी हैं। आदित्य सबसे छोटा था। उसकी असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सूचना पर पहुंची ललौली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के पिता सज्जन गुप्ता ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ थाने में तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई में जुटी है।
News Wani
