मीरजापुर, 30 अक्टूबर 2026। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत मीरजापुर जिले के लाखों किसानों को बड़ी राहत मिली है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को गुजरात के बनासकांठा से योजना की 24वीं किस्त जारी की। इसके तहत जनपद के 2 लाख 91 हजार 897 किसानों के बैंक खातों में कुल 58 करोड़ 37 लाख 94 हजार रुपये की धनराशि सीधे हस्तांतरित की गई। किस्त की राशि मिलने से किसानों में खुशी का माहौल है।
इस अवसर पर कृषि विज्ञान केंद्र, राजीव गांधी साउथ कैंपस, बीएचयू बरकछा के सभागार में पीएम किसान उत्सव दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विंध्याचल मंडल के मंडलायुक्त राजेश प्रकाश, जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार और मुख्य विकास अधिकारी विजय कुमार सिंह मौजूद रहे। कार्यक्रम में करीब 357 किसानों ने भाग लिया और प्रधानमंत्री के संबोधन का सीधा प्रसारण देखा।
कार्यक्रम के दौरान किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के उद्देश्य और इसके लाभों की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि योजना के तहत मिलने वाली आर्थिक सहायता किसानों के लिए खेती-किसानी की जरूरतें पूरी करने में मददगार साबित हो रही है। किसान इस धनराशि से बीज, खाद और अन्य कृषि सामग्री खरीदकर खेती के कार्यों को बेहतर तरीके से कर सकते हैं।
अधिकारियों ने किसानों से सरकार की विभिन्न कृषि कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की। साथ ही आधुनिक कृषि तकनीकों, उन्नत किस्म के बीजों और वैज्ञानिक पद्धति से खेती करने के लिए प्रेरित किया, जिससे कृषि उत्पादन और किसानों की आमदनी में वृद्धि हो सके।
योजना के प्रचार-प्रसार और किसानों को जागरूक करने के उद्देश्य से जनपद के प्रत्येक विकासखंड में भी पीएम किसान उत्सव दिवस आयोजित किया गया। इन कार्यक्रमों के माध्यम से किसानों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ कृषि क्षेत्र में उपलब्ध सुविधाओं के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जनपद सलाहकार डॉ. सुधीर श्रीवास्तव ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना किसानों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उन्होंने किसानों से अपील की कि सम्मान निधि की धनराशि का उपयोग खेती से जुड़ी आवश्यकताओं, जैसे बीज, खाद और अन्य संसाधनों की खरीद में करें।
उन्होंने कहा कि किसानों को नई कृषि तकनीकों और सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त करते रहना चाहिए। इससे खेती को अधिक लाभकारी बनाया जा सकता है और किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत हो सकती है।
कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ प्राविधिक सहायक ग्रुप-बी डॉ. पंकज कुमार मिश्र ने किया। इस दौरान कृषि विभाग के अधिकारी, कर्मचारी, कृषि विशेषज्ञ और बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।
News Wani
