Breaking News

एसपी शशांक सिंह ने साप्ताहिक परेड की ली सलामी, जवानों की परखी गई कार्यक्षमता, डॉग स्क्वाड और डायल-112 वाहनों का भी हुआ निरीक्षण

महोबा। न्यूज़ वाणी। पुलिस लाइन में शुक्रवार को आयोजित साप्ताहिक परेड के दौरान पुलिस बल की शारीरिक क्षमता, अनुशासन और कार्यकुशलता का जायजा लिया गया। इस दौरान परेड की सलामी लेने के साथ पुलिसकर्मियों को टोलीवार दौड़ और ड्रिल कराई गई। अधिकारियों ने जवानों की कार्यशैली का निरीक्षण करते हुए उन्हें अनुशासन, समयबद्धता और कर्तव्यनिष्ठा के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के निर्देश दिए।

परेड के दौरान पुलिस अधीक्षक शशांक सिंह ने स्वयं ड्रिल का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि पुलिसकर्मियों को निर्धारित मानकों के अनुसार नियमित और गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण दिया जाए। उन्होंने कहा कि शारीरिक एवं मानसिक रूप से मजबूत पुलिस बल आपातकालीन परिस्थितियों में बेहतर तरीके से कार्रवाई कर सकता है। प्रशिक्षण व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इस दौरान जनपद के नवागत डॉग स्क्वाड ने भी परेड में हिस्सा लिया। पुलिस अधीक्षक ने डॉग स्क्वाड की कार्यक्षमता और प्रशिक्षण व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए उसके उचित रखरखाव तथा नियमित अभ्यास पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अपराधों की जांच और महत्वपूर्ण पुलिस अभियानों में डॉग स्क्वाड की अहम भूमिका होती है, इसलिए इसे हमेशा सक्रिय और प्रशिक्षित रखा जाए।

इसके बाद पुलिस लाइन की परिवहन शाखा का निरीक्षण किया गया। यहां डायल-112 पीआरवी सहित अन्य पुलिस वाहनों की तकनीकी स्थिति, साफ-सफाई और रखरखाव की व्यवस्थाएं देखी गईं। संबंधित कर्मचारियों को निर्देश दिए गए कि सभी वाहन हमेशा दुरुस्त और चालू हालत में रहें, जिससे आपातकालीन सूचना मिलने पर पुलिस टीम बिना देरी के घटनास्थल पर पहुंच सके।

निरीक्षण के बाद आदेश कक्ष में आयोजित ऑर्डली रूम में अधीनस्थ पुलिसकर्मियों की पत्रावलियों की समीक्षा की गई। इस दौरान लंबित प्रकरणों को देखते हुए संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक कार्रवाई करते हुए मामलों का समय से निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पुलिसकर्मी अपने कर्तव्यों के प्रति हमेशा सजग रहें और आम नागरिकों के साथ संवेदनशीलता एवं जिम्मेदारी से पेश आएं। पुलिस बल को अनुशासित, प्रशिक्षित और संसाधनों से सुसज्जित रखना प्राथमिकता है, ताकि आमजन को समय पर प्रभावी और बेहतर पुलिस सेवाएं मिल सकें।

About NW-Editor

Check Also

महोबा में 87 जोड़ों ने थामा एक-दूजे का हाथ, पारंपरिक रीति-रिवाजों से संपन्न हुआ विवाह समारोह

महोबा। जिले के कम्युनिटी गार्डन में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत सामूहिक विवाह समारोह …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *