न्यूज़ वाणी ब्यूरो
फतेहपुर, 19 अक्टूबर 2026। जनपद में मतदेय स्थलों के पुनर्गठन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। जिन मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की संख्या 1200 से अधिक है, वहां जरूरत के अनुसार नए मतदेय स्थल बनाए जाने का प्रस्ताव है। इस संबंध में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी निधि गुप्ता वत्स की अध्यक्षता में सोमवार को मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई।
बैठक में मतदान केंद्रों के समायोजन, नए बूथों के सृजन और मतदेय स्थलों के पुनर्गठन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि 18 अक्टूबर को जारी कार्यक्रम के अनुसार जिले में मतदेय स्थलों के युक्तिकरण (रैशनलाइजेशन) की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
उन्होंने बताया कि 1200 से अधिक मतदाताओं वाले बूथों पर आवश्यकतानुसार नए मतदेय स्थल बनाए जाने का प्रस्ताव है। इसके साथ ही मौजूदा बूथों के समायोजन को लेकर भी राजनीतिक दलों से सुझाव और आपत्तियां मांगी गई हैं।
बैठक में भारतीय जनता पार्टी, समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी, कांग्रेस, आम आदमी पार्टी और कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) के प्रतिनिधियों को पूरी प्रक्रिया की जानकारी दी गई।
23 अक्टूबर तक जमा करें सुझाव और आपत्तियां
जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी राजनीतिक दलों से कहा कि मतदेय स्थलों के समायोजन और नए बूथों के गठन से संबंधित सुझाव अथवा आपत्तियां 23 अक्टूबर 2026 तक लिखित रूप में जिला निर्वाचन कार्यालय या संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के कार्यालय में जमा कराएं।
वेबसाइट पर उपलब्ध है प्रारूप सूची
प्रशासन के अनुसार, मतदेय स्थलों की प्रारूप सूची 19 अक्टूबर को प्रकाशित कर दी गई है। नागरिक इस सूची को जिले की आधिकारिक वेबसाइट fatehpur.nic.in पर देख सकते हैं।
जिला निर्वाचन प्रशासन ने संबंधित पक्षों और आम नागरिकों से निर्धारित समयसीमा के भीतर सुझाव एवं आपत्तियां प्रस्तुत करने की अपील की है, ताकि मतदेय स्थलों के पुनर्गठन की प्रक्रिया नियमानुसार पूरी की जा सके।
News Wani
