मेलबर्न। ऑस्ट्रेलिया के विक्टोरिया राज्य में निर्दलीय महिला सांसद हेलेन हेन्स को उनकी चुनाव क्षेत्र की कार्यालय के बाहर एक SUV ने टक्कर मार दी। इस घटना में 65 वर्षीय सांसद गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें एयरलिफ्ट कर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने मामले में 43 वर्षीय आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
घटना सोमवार को वांगाराटा शहर में हुई, जो मेलबर्न से करीब तीन घंटे की दूरी पर स्थित है। पुलिस के अनुसार, हेलेन हेन्स अपने कार्यालय के बाहर मौजूद थीं, तभी टोयोटा लैंड क्रूजर SUV ने उन्हें टक्कर मार दी। पुलिस को संदेह है कि सांसद को जानबूझकर निशाना बनाया गया। हालांकि, हमले के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है।
पुलिस ने आरोपी की कार से एक चाकू भी बरामद किया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए मामले की जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल आम लोगों के लिए किसी अतिरिक्त खतरे की आशंका नहीं है।
प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज ने जताई चिंता
ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज ने घटना पर चिंता जताते हुए कहा कि जांच पूरी होने से पहले हमले के पीछे की वजह के बारे में कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपी से जुड़ी जांच में आतंकवाद निरोधक टीम भी शामिल होगी।
प्रधानमंत्री ने हेलेन हेन्स को अपने समुदाय के प्रति समर्पित और ईमानदार जनप्रतिनिधि बताया। उन्होंने कहा कि हेलेन अपने संसदीय क्षेत्र के लोगों की जरूरतों और समस्याओं को लेकर खुलकर अपनी राय रखती हैं।
एक टीवी इंटरव्यू के दौरान हेलेन के बारे में बात करते हुए प्रधानमंत्री भावुक हो गए। उनसे जब जनप्रतिनिधियों को मिलने वाली धमकियों और उनकी सुरक्षा को लेकर सवाल किया गया, तो उन्होंने कहा कि इस समय उनकी चिंता अपने साथी सांसद को लेकर है।
अल्बनीज ने यह भी कहा कि वह ऐसा राजनीतिक माहौल नहीं चाहते, जिसमें जनप्रतिनिधि सुपरमार्केट, सड़कों या सार्वजनिक बैठकों में आम लोगों से बातचीत करने से डरें।
परिवार ने मदद करने वालों का जताया आभार
हेलेन हेन्स के परिवार ने सोशल मीडिया पर जारी बयान में घटना के दौरान मदद करने वाले राहगीरों, स्वास्थ्यकर्मियों और पुलिस का आभार व्यक्त किया। परिवार के मुताबिक, मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत सहायता पहुंचाई और स्वास्थ्यकर्मियों ने सांसद की जान बचाने के लिए प्रयास किए।
हेलेन हेन्स वर्ष 2019 में पहली बार ऑस्ट्रेलिया की संसद के लिए चुनी गई थीं। वह विक्टोरिया राज्य के इंडी संसदीय क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाली निर्दलीय सांसद हैं।
फिलहाल पुलिस हमले के कारणों और आरोपी की भूमिका की जांच कर रही है। मामले में आगे की जानकारी जांच के निष्कर्षों के आधार पर सामने आने की उम्मीद है।
News Wani
