फतेहपुर। समाजवादी पार्टी लोहिया वाहिनी के जिला महासचिव प्रदीप सोनकर ने सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से मुलाकात कर आगामी 25 सितंबर को संत शिरोमणि दुर्वलनाथ महाराज की जयंती सपा प्रदेश कार्यालय में मनाए जाने की मांग की।
सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष को दिए गए पत्र में प्रदीप सोनकर ने कहा कि संत शिरोमणि दुर्वलनाथ जी महाराज खटिक समाज के आराध्य एवं संत महापुरुष हैं। प्रत्येक वर्ष 25 सितंबर को देशभर में खटिक समाज द्वारा उनकी जयंती श्रद्धा, हर्ष और उल्लास के साथ मनाई जाती है।
उन्होंने कहा कि संत दुर्वलनाथ जी महाराज ने समाज को मानवता, समानता, सद्भाव, सामाजिक समरसता एवं सत्य के मार्ग पर चलने का संदेश दिया। संत रविदास, संत कबीरदास और संत तुकाराम जैसे महान संतों की परंपरा में उनका भी महत्वपूर्ण स्थान है। उनके विचार आज भी समाज के लिए प्रेरणादायक हैं।
प्रदीप सोनकर ने कहा कि लखनऊ में आयोजित होने वाले जयंती कार्यक्रम में राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की सहभागिता से खटिक समाज के लोगों में नई ऊर्जा और सामाजिक एकजुटता का संचार होगा। उन्होंने बताया कि प्रदेश के प्रत्येक जनपद में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं एवं समाजवादियों द्वारा संत दुर्वलनाथ जी महाराज की जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई जाएगी तथा सामाजिक एकता और भाईचारे को मजबूत करने का संकल्प लिया जाएगा।
उन्होंने अखिलेश यादव से 25 सितंबर को समाजवादी पार्टी के प्रदेश कार्यालय, लखनऊ में आयोजित होने वाले इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम को अपना आशीर्वाद प्रदान करने का अनुरोध किया।
मुलाकात के दौरान कार्यक्रम की तैयारियों तथा खटिक समाज की सहभागिता को लेकर भी चर्चा की गई।
News Wani
