फतेहपुर। बरसात के मौसम में होने वाली बीमारियों से बचाव और रोग प्रतिरोधक क्षमता विकसित करने के उद्देश्य से शनिवार को हसवा बीआरसी में होम्योपैथिक औषधि वितरण एवं सीपीआर प्रशिक्षण अभियान चलाया गया। इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी, आरोग्य भारती एवं द होम्योपैथिक मेडिकल एसोसिएशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान तथा डॉ. सत्यनारायण सेवा फाउंडेशन के संयोजकत्व में आयोजित इस अभियान का उद्देश्य हसवा ब्लॉक के सभी 159 प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों के 16,152 बच्चों तक लाभ पहुंचाना था। इसके तहत प्रशिक्षण में मौजूद शिक्षकों को होम्योपैथिक औषधियां उपलब्ध कराई गईं।
अभियान का नेतृत्व इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी के चेयरमैन एवं उत्तर प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य तथा आरोग्य भारती के जिला सचिव डॉ. अनुराग श्रीवास्तव ने किया। उन्होंने प्रशिक्षण में मौजूद सभी अध्यापकों को बरसात के मौसम में होने वाली बीमारियों से बचाव और रोग प्रतिरोधक क्षमता विकसित करने में सहायक होम्योपैथिक औषधियां प्रदान कीं।
शिक्षकों को सीपीआर (कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन) का प्रशिक्षण भी दिया गया। डॉ. अनुराग श्रीवास्तव ने बताया कि यदि किसी व्यक्ति का हृदय काम करना बंद कर दे तो तत्काल सीपीआर देकर उसकी जान बचाने का प्रयास किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि एक वर्ष तक के बच्चे में 15 बार छाती पर दबाव और दो बार सांस देने की प्रक्रिया अपनाई जाती है, जबकि एक वर्ष से अधिक आयु के व्यक्ति में 30 बार दबाव और दो बार सांस देने की प्रक्रिया बताई गई है।
कार्यक्रम में प्राथमिक शिक्षक संघ हसवा ब्लॉक के अध्यक्ष शैलेंद्र सिंह भदौरिया, शैलेंद्र अग्निहोत्री, इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी के कार्यकारिणी सदस्य दिलीप कुमार श्रीवास्तव तथा प्रमुख सहयोगी एवं प्रबंध समिति सदस्य सुरेश कुमार श्रीवास्तव मौजूद रहे।
News Wani
