फतेहपुर। शिक्षक दिवस के अवसर पर सेंट मैरी सेकेंडरी स्कूल परिसर में सेवा और मानवता की मिसाल देखने को मिली। सेंट मैरी सेकेंडरी स्कूल एवं सर्व फॉर ह्यूमैनिटी संस्था के संयुक्त तत्वावधान में रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। शिविर में 11 स्वैच्छिक रक्तदाताओं ने रक्तदान कर जरूरतमंदों की जिंदगी बचाने का संकल्प लिया। रक्तदान प्रक्रिया मानस ब्लड सेंटर की तकनीकी टीम की देखरेख में संपन्न हुई।
शिविर में विद्यालय में अध्ययनरत एक छात्र के पिता करण रस्तोगी ने भी आगे बढ़कर रक्तदान किया। उनके इस कदम ने विद्यार्थियों और अन्य अभिभावकों को सामाजिक सेवा के लिए प्रेरित किया।
रक्तदान करने वालों में विजयी प्रशांत, राहुल मिश्रा, अभिनंदन अवस्थी, अनिल कुमार, रॉयल मसीह, करण रस्तोगी, अनुराग विश्वकर्मा, यज्ञेश त्रिपाठी, प्रमोद, शैलेन्द्र और अनुज शामिल रहे।
रक्तदान के बाद विद्यालय प्रबंधन एवं मानस ब्लड सेंटर प्रभारी की ओर से सभी रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
विद्यालय के प्रबंधक फादर प्रफुल आईएमएस एवं प्रिंसिपल सिस्टर अरोड़िका थॉमस ने रक्तदाताओं के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षक दिवस पर रक्तदान से बढ़कर मानव सेवा का संदेश देने वाला कार्य दूसरा नहीं हो सकता।
शिविर में फाउंडेशन से गुरमीत सिंह, मानस ब्लड सेंटर से डॉ. कैलाश पटेल, रक्तकेंद्र प्रभारी अमन यादव, लैब टेक्नीशियन अनामिका पाल, अनस तथा सहायक बलराम मौजूद रहे।
कार्यक्रम के माध्यम से शिक्षक दिवस पर शिक्षा के साथ-साथ मानव सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया गया।
News Wani
