फतेहपुर। विकासखंड बहुआ के पीएमश्री कंपोजिट विद्यालय सोनबरसा में बुधवार को अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस के उपलक्ष्य में मदर मेले का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि खंड शिक्षा अधिकारी हौसला प्रसाद ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
विशिष्ट अतिथि एसआरजी राधेश्याम, एआरपी अभिषेक आर्य एवं प्रमोद कुमार का विद्यालय के प्रधानाध्यापक और स्टाफ ने पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया।
मेले में माताओं एवं अभिभावकों ने हस्तशिल्प, सिलाई-कढ़ाई और पेंटिंग के स्टॉल लगाए। वहीं, बालिकाओं ने बालिका शिक्षा एवं महिला सशक्तीकरण पर आधारित नुक्कड़ नाटक, रंगोली, नृत्य और भाषण प्रस्तुत कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
मुख्य अतिथि हौसला प्रसाद ने कहा कि ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ ही सही मायनों में देश के विकास का आधार है। मदर मेला माताओं को विद्यालय से जोड़ने का एक सशक्त माध्यम है।
कार्यक्रम का संचालन विद्यालय के शिक्षकों ने किया। अंत में प्रतिभागी माताओं को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में अभिभावक, ग्रामीण और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

News Wani