न्यूज़ वाणी डिजिटल
ठाणे जिले के मुंब्रा इलाके में दिनदहाड़े हुई फायरिंग की सनसनीखेज वारदात ने पूरे क्षेत्र में दहशत फैला दी है। इस घटना में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके पिता समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, अकबर अब्दुल शेख की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वहीं उनके पिता अब्दुल हसन शेख को सीने में गोली लगी है, जिनकी हालत गंभीर बनी हुई है। उन्हें शिवाजी हॉस्पिटल से रेफर कर मुंबई के नायर हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।
इसके अलावा समीर अहमद शेख को हाथ में गोली लगी है और उनका इलाज जारी है।
CCTV में कैद हुई वारदात
यह घटना सुमैया ताई स्कूल, शिवाजी नगर, मुंब्रा क्षेत्र की बताई जा रही है। सामने आए CCTV फुटेज में गोलियों की तेज आवाज साफ सुनी जा सकती है, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाकर भागते नजर आए।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
मुंब्रा पुलिस ने तेजी दिखाते हुए मुख्य आरोपी बाबा बंगाली समेत दो अन्य आरोपियों को घटना के महज आधे घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक आरोपियों के पास से 2 पिस्टल और करीब आधा किलो सोने के जेवरात बरामद किए गए हैं।
ऐसे हुई गिरफ्तारी
मुंब्रा पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक अनिल शिंदे के नेतृत्व में विनायक माने की टीम ने आरोपियों को अचार गली, शील फाटा क्षेत्र से गिरफ्तार किया।
अब तक इस मामले में कुल 3 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि जावेद नाम का एक आरोपी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
मामूली विवाद बना मौत की वजह
पुलिस जांच में सामने आया है कि यह पूरा विवाद केले के पेड़ को लेकर शुरू हुआ था। इसी दौरान मृतक अकबर अब्दुल शेख और उनके पिता अब्दुल हसन शेख बीच-बचाव करने पहुंचे।
इसी बीच आरोपी बाबा बंगाली ने पिस्टल निकालकर तीन फायर कर दिए, जिससे मौके पर ही अकबर की मौत हो गई और उनके पिता गंभीर रूप से घायल हो गए।
परिवार में मचा कोहराम
घटना के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है। मृतक की बहन ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि उन्हें न्याय चाहिए और दोषियों को फांसी दी जाए।
पुलिस जांच जारी
फिलहाल मुंब्रा पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है और फरार आरोपी की तलाश जारी है।
👉 इस मामले से जुड़ी हर अपडेट के लिए जुड़े रहें न्यूज़ वाणी के साथ।
News Wani
