दुबई। विमेंस एशिया कप में पाकिस्तान ने हॉन्गकॉन्ग को 72 रन से हराकर सेमीफाइनल में जगह बना ली। पाकिस्तान की जीत में गेंदबाज नशरा संधू ने शानदार प्रदर्शन करते हुए महज 7 रन देकर 6 विकेट हासिल किए। यह उनके टी-20 इंटरनेशनल करियर का सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन है।
नशरा ने अपने 4 ओवर के स्पेल में कुल 24 गेंदें फेंकीं, जिनमें 18 गेंदों पर बल्लेबाज कोई रन नहीं बना सके। उन्होंने अपने स्पेल में एक भी वाइड या नो-बॉल नहीं की। इस शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
टी-20 इंटरनेशनल में पाकिस्तान के लिए नया रिकॉर्ड
नशरा संधू का 7 रन देकर 6 विकेट लेना पाकिस्तान की महिला टीम की ओर से टी-20 इंटरनेशनल में अब तक का सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन है। उन्होंने ओमैमा सोहैल के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। ओमैमा ने 2022 में श्रीलंका के खिलाफ 13 रन देकर 5 विकेट लिए थे।
इतना ही नहीं, नशरा का प्रदर्शन पाकिस्तान के पुरुष और महिला दोनों खिलाड़ियों को मिलाकर टी-20 इंटरनेशनल में सबसे बेहतरीन गेंदबाजी आंकड़ा बन गया है। इससे पहले यह रिकॉर्ड सुफियान मुकीम के नाम था, जिन्होंने 3 रन देकर 5 विकेट लिए थे।
पहली बार टी-20 इंटरनेशनल में 6 विकेट
नशरा ने अपने टी-20 इंटरनेशनल करियर में पहली बार पांच या उससे ज्यादा विकेट लिए। उन्होंने हॉन्गकॉन्ग की बल्लेबाजी को पूरी तरह तहस-नहस कर दिया। यास्मिन दसवानी को कैच एंड बोल्ड करने के बाद उन्होंने मरीना लैम्पलॉ और मरियम बीबी को पवेलियन भेजा।
इसके बाद शांजीन शाहजाद और एलिसन सिउ को आउट किया। इकरा सहार को बोल्ड कर नशरा ने अपने छह विकेट पूरे किए।
पाकिस्तान ने बनाए 143 रन
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तान की टीम ने निर्धारित ओवरों में 143 रन बनाए। शवाल जुल्फिकार ने 35 गेंदों पर 47 रन की शानदार पारी खेली, जिसमें छह चौके शामिल रहे।
आयशा जफर ने 19 गेंदों पर 26 रन बनाए, जबकि कप्तान फातिमा सना ने 24 रन का योगदान दिया और नाबाद रहीं।
हॉन्गकॉन्ग की ओर से जॉयलीन कौर सबसे सफल गेंदबाज रहीं। उन्होंने 4 ओवर में 19 रन देकर 4 विकेट हासिल किए।
71 रन पर सिमटी हॉन्गकॉन्ग की टीम
144 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी हॉन्गकॉन्ग की शुरुआत बेहद खराब रही। फातिमा सना ने पहले ही ओवर में मारिको हिल को बोल्ड कर दिया। इसके बाद सदिया इकबाल ने नताशा माइल्स को LBW आउट किया।
कैरी चान ने 47 गेंदों पर 30 रन बनाकर पारी को संभालने की कोशिश की, लेकिन दूसरे छोर से विकेट गिरते रहे। नशरा संधू की घातक गेंदबाजी के सामने हॉन्गकॉन्ग की पूरी टीम 19 ओवर में 71 रन पर ऑलआउट हो गई।
सेमीफाइनल में श्रीलंका से भिड़ेगा पाकिस्तान
पाकिस्तान ने ग्रुप-A में तीन मैचों में दो जीत के साथ चार अंक हासिल किए और ग्रुप में दूसरे स्थान पर रहते हुए सेमीफाइनल में जगह बनाई। अब पाकिस्तान का मुकाबला 11 सितंबर को श्रीलंका से होगा।
News Wani
