मिर्जापुर. नमामि गंगे परियोजना के तहत चल रही हर घर नल योजना में लापरवाही पर भाजपा विधायक रत्नाकर मिश्रा भड़क उठे. कोन ब्लॉक के गोबरहा गांव में स्थलीय निरीक्षण के दौरान जल निगम के अधिकारियों पर भड़कते हुए उन्होंने सख्त चेतावनी दी. विधायक रत्नाकर मिश्रा ने कहा, “बिना लात खाए काम नहीं हो रहा है. अब हम बंद करके डंडे से मारेंगे.” उन्होंने एसडीएम को संबोधित करते हुए कहा, “एसडीएम साहब, ये लोग गलत कर रहे हैं. कनेक्शन देने से क्या मतलब जब पानी ही नहीं आ रहा है?
” विधायक ने अधिकारियों को 22 तारीख तक अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी कि अगर इस तिथि तक समस्या ठीक नहीं हुई तो “खैरियत नहीं रहेगी”. उन्होंने साफ कहा कि जनता को पानी की सुविधा समय पर उपलब्ध नहीं हो रही है, जिससे स्थानीय निवासियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
स्थलीय निरीक्षण के दौरान गुस्सा
मंगलवार को मिर्जापुर सदर विधायक रत्नाकर मिश्रा कोन ब्लॉक के गोबरहा गांव पहुंचे थे, जहां नमामि गंगे परियोजना अंतर्गत हर घर नल योजना का जमीनी स्तर पर निरीक्षण किया. दौरान उन्होंने देखा कि कई स्थानों पर कनेक्शन तो दिए गए हैं, लेकिन नल से पानी नहीं आ रहा है. इस पर वे अधिकारियों पर भड़क गए और उनकी कार्यशैली पर सवाल उठाए. विधायक ने जोर देकर कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजना को धरातल पर सही ढंग से लागू करना अधिकारियों की जिम्मेदारी है. जनता के पैसे से चल रही इस योजना में कोई भी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
रत्नाकर मिश्रा ने स्थानीय लोगों से भी बात की और उनकी शिकायतों को सुना. ग्रामीणों ने बताया कि कनेक्शन लेने के बावजूद कई दिनों से नल सूखे पड़े हैं, जिससे गर्मी के मौसम में पेयजल की समस्या बढ़ गई है. विधायक के इस सख्त रुख के बाद जल निगम के अधिकारियों में हड़कंप मच गया है. स्थानीय प्रशासन ने तुरंत समस्या के समाधान के लिए टीम गठित करने के संकेत दिए हैं.
News Wani
