Breaking News

15 साल बाद फिर एक साथ आए पुराने साथी, यादों के बीच लिया एक-दूसरे का साथ निभाने का संकल्प

फतेहपुर। शहर के आबूनगर स्थित एक मैरिज हॉल में रविवार को सेवारत मृतक आश्रित नियुक्त बीटीसी प्रशिक्षण से जुड़े साथियों का आत्मीय मिलन एवं स्मृति संगम समारोह आयोजित किया गया। करीब 15 वर्षों बाद एक-दूसरे से मिले साथियों ने पुराने प्रशिक्षण काल की स्मृतियां साझा कीं। इस दौरान कई अवसरों पर आंखें नम हो गईं और साथी पुरानी यादों में भावुक हो उठे। करीब पांच घंटे चले इस समारोह में आत्मीयता, स्मृतियों और आपसी सहयोग का अनूठा संगम देखने को मिला। कार्यक्रम का संचालन अनुराग मिश्रा ने किया।

कार्यक्रम की शुरुआत 93 सदस्यीय बैच के उन नौ दिवंगत साथियों को श्रद्धांजलि अर्पित करने और दो मिनट का मौन रखकर की गई, जो अब इस दुनिया में नहीं हैं। साथियों ने उनके साथ बिताए प्रशिक्षण काल और जुड़ी स्मृतियों को याद करते हुए भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

संचालक अनुराग मिश्रा ने कहा कि यह औपचारिक मिलन नहीं, बल्कि उन रिश्तों और स्मृतियों को फिर से जीवंत करने का अवसर है, जिन्हें समय और परिस्थितियां कभी खत्म नहीं कर सकतीं। उन्होंने कहा कि हमारा यह साथ केवल यादों तक सीमित न रहे, बल्कि जरूरत के समय एक-दूसरे के काम आए, यही इस मिलन की सार्थकता होगी।

प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष राजेंद्र सिंह ने कहा कि साथियों के हित और समस्याओं के समाधान के लिए संगठनात्मक स्तर पर हरसंभव सहयोग किया जाएगा। दिग्विजय सिंह ने फंड और पेंशन से संबंधित समस्याओं के निराकरण में निःस्वार्थ भाव से सहयोग करने का भरोसा दिलाया।

समारोह में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने माहौल को भावनात्मक और यादगार बना दिया। कार्यक्रम की व्यवस्थाएं प्राथमिक शिक्षक संघ नगर इकाई के अध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार ने संभालीं, जबकि रूपरेखा जगदीश कुमार यादव ने तैयार की।

समारोह में विनोद सिंह, स्मृति श्रीवास्तव, रामदुलारे पाठक, लालसा यादव, प्रभावती, राखी, तारावती, अजय द्विवेदी, आदित्य गुप्ता, सुधीर कुमार, अनूप सविता, राम नारायण मिश्रा, सीपी वर्मा सहित तमाम साथियों ने प्रतिभाग किया।

साथियों ने भविष्य में भी एक-दूसरे के सुख-दुख में साथ खड़े रहने और विषम परिस्थितियों में सहयोग करने का संकल्प लिया। इसके लिए सहायता कोष बनाए जाने की पहल भी की गई, ताकि जरूरत के समय किसी साथी या उसके परिवार की मदद की जा सके।

About NW-Editor

Check Also

हादसे के बाद सड़क जाम करना पड़ा भारी, 20 ग्रामीणों पर पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

फतेहपुर। खखरेरू थाना क्षेत्र के बसवा पौली रोड पर ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *