गोरखपुर। राष्ट्रीय लोक अदालत के अवसर पर शनिवार को जनपद न्यायालय गोरखपुर में माननीय जनपद न्यायाधीश के कुशल मार्गदर्शन में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिला कारागार गोरखपुर के बंदियों द्वारा तैयार किए गए उत्पादों की प्रदर्शनी एवं बिक्री के लिए स्टॉल लगाए गए, जिसका उद्घाटन माननीय जनपद न्यायाधीश राजकुमार सिंह द्वारा किया गया। इस दौरान माननीय सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सुचेता चौसिया सहित अन्य न्यायिक अधिकारी भी उपस्थित रहे। बंदियों द्वारा निर्मित टेराकोटा के उत्पादों की प्रदर्शनी को उपस्थित अधिकारियों एवं दर्शकों ने सराहा। स्टॉल का संचालन बंदी रक्षक प्रेमनाथ यादव एवं चौकीदार जितेंद्र सिंह द्वारा किया गया। प्रदर्शनी में लगभग ₹50,600 मूल्य के नेकलेस, सत्यमेव जयते एवं अशोक लॉट के उत्पादों की बिक्री हुई। इस धनराशि का उपयोग बंदियों के कल्याण एवं प्रशिक्षण पर किया जाएगा, जिससे वे भविष्य में आत्मनिर्भर बनकर समाज की मुख्यधारा में शामिल हो सकें और अपराध से दूर रह सकें। इस अवसर पर जिला कारागार गोरखपुर के वरिष्ठ अधीक्षक डी.के. पाण्डेय, जेलर श्री कृष्ण कुमार कुशवाहा, उप जेलर विजय कुमार सहित कारागार के अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।

News Wani