Breaking News

एक लड़की-दो प्रेमी… फिर खून का खेल: गाजीपुर में 15 साल के लड़के का मर्डर, वजह क्या?

गाजीपुर जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां प्रेम प्रसंग और आपसी रंजिश ने एक लड़के की जान ले ली. मामला जंगीपुर थाना क्षेत्र के उधउपुर ग्राम सभा का है, जहां भाई की शादी की खुशियों के बीच मातम छा गया. हल्दी के कार्यक्रम के दिन 15 वर्षीय किशोर सुधारन राजभर को उसके ही कुछ परिचित युवकों ने बुलाकर लाठी-डंडों से बेरहमी से पीट दिया, जिससे उसकी मौत हो गई.

सोमवार देर रात जंगीपुर थाना क्षेत्र के उधउपुर गांव निवासी सुधारन राजभर को दो युवकों ने घर से बुलाया था. बताया जा रहा है कि जब वह उनसे मिलने पहुंचा तो वहां पहले से ही कुछ युवक मौजूद थे. इन लोगों ने मिलकर सुधारन पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया और उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया. घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और उसे इलाज के लिए मऊ जिले के एक निजी अस्पताल ले गए. हालांकि डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. लड़के की मौत की खबर मिलते ही गांव में गुस्सा फैल गया. आक्रोशित ग्रामीणों ने नेशनल हाईवे जाम करने की कोशिश भी की.

हालांकि पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों और परिजनों को समझा-बुझाकर स्थिति को शांत कराया. इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. इस मामले में जंगीपुर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने बदधूसराय चौराहे के पास से माधवपुर मिश्रौली गांव निवासी इंद्रजीत और बीजापतपुर गांव निवासी ऋतिक को गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने जो खुलासा किया, वह चौंकाने वाला था.

पुलिस जांच में सामने आया कि इंद्रजीत की बुआ का घर मरदह थाना क्षेत्र के एक गांव में है. इंद्रजीत के बुआ के बेटे अनुज का एक युवती से प्रेम संबंध था और वह उससे बातचीत करता था. इसी बीच मृतक सुधारन भी उसी युवती से बात करने लगा था. इस बात को लेकर अनुज नाराज था. अनुज ने सुधारन को समझाने के लिए उसका मोबाइल नंबर इंद्रजीत को दिया था. इसके बाद इंद्रजीत ने सुधारन को फोन कर युवती से बात न करने की चेतावनी दी. लेकिन सुधारन ने उसकी बात को गंभीरता से नहीं लिया.

इसी दौरान दोनों के बीच फोन पर कहासुनी हो गई. विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ने एक-दूसरे को देख लेने की धमकी दे दी.  पुलिस के अनुसार, इसी विवाद के बाद सुधारन को मिलने के बहाने बुलाया गया. जब वह मौके पर पहुंचा तो वहां पहले से मौजूद इंद्रजीत, ऋतिक और अन्य युवकों ने उस पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया. गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौत हो गई. पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर मारपीट में इस्तेमाल किया गया बांस का टुकड़ा भी बरामद कर लिया है. दोनों गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है, जबकि घटना में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही बाकी आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

About NW-Editor

Check Also

गाजीपुर के दो लाल, अंगद गिरि, राकेश कुमार दुबे को गणतंत्र दिवस पर रजत पदक देकर किया जाएगा सम्मानित

  प्रयागराज। गाजीपुर के दो लाल वर्तमान में प्रयागराज कमिश्नरेट में 2011 बैच मुख्य आरक्षी …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *