Breaking News

खुली नीलामी रद्द, अध्यक्ष पर चहेतों को दुकानें देने का आरोप

– पत्रकारो से बातचीत करते सभासद विनय तिवारी व अन्य।
फतेहपुर। नगर पालिका परिषद में राजस्व बढ़ाने के उद्देश्य से शहर के विभिन्न स्थानों पर निर्मित नई दुकानों की खुली नीलामी बुधवार को ऑफलाइन बोली के माध्यम से होनी थी, लेकिन सोशल मीडिया पर खबर फैलने के बाद नगर पालिका अध्यक्ष राजकुमार मौर्य ने इसे अचानक रद्द कर दिया। अब दुकानों का आवंटन ऑनलाइन प्रक्रिया से करने की बात कही जा रही है, जिसके खिलाफ सत्ता पक्ष के कई सभासद खुलकर विरोध में उतर आए हैं। नई तहसील, पीरनपुर, चक बिसौली, डाक बंग्ला के सामने और जयपुरिया स्कूल के पास स्थित इन दुकानों की नीलामी की सूचना समाचार पत्रों में प्रकाशित की गई थी। बोर्ड द्वारा स्वीकृत कमेटी के समक्ष बुधवार नगर पालिका सभागार में खुली बोली प्रस्तावित थी, लेकिन अध्यक्ष ने बिना किसी लिखित कारण के मौखिक रूप से पूरी प्रक्रिया निरस्त कर दी। सभासद विनय तिवारी ने मीडिया से रूबरू होते हुए कहा, नगर पालिका की आमदनी बढ़ाने के लिए बनाई गई इन दुकानों की नीलामी की पूरी तैयारी थी। समाचार पत्रों में सूचना प्रकाशित हुई थी और बोर्ड की कमेटी के सामने बोली होनी थी। अध्यक्ष ने बिना किसी वजह के इसे रद्द कर दिया। जानकारी मिली है कि वे अपने कुछ चहेते लोगों को बिना खुली बोली के दुकानें आवंटित कराना चाहते थे। हम सभी सभासद इस अनुचित प्रक्रिया का पुरजोर विरोध करते हैं। सभासदों का आरोप है कि ऑफलाइन नीलामी रद्द करके ऑनलाइन प्रक्रिया की ओर जाने का फैसला पारदर्शिता से दूर है और इससे नगर पालिका की आय पर असर पड़ सकता है। उन्होंने मांग की है कि मूल रूप से निर्धारित खुली बोली प्रक्रिया को बहाल किया जाए ताकि उचित मूल्य पर दुकानों का आवंटन हो सके। इस मामले में फिलहाल अध्यक्ष राजकुमार मौर्य की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। इस मौके पर सभासद रितिक पाल, अतीश पासवान, संजय कुमार श्रीवास्तव, सरोज देवी, विद्या देवी, माया देवी आदि मौजूद रहे।

About NW-Editor

Check Also

प्राथमिक विद्यालय में नवारंभ उत्सव में सात बच्चों हुआ प्रवेश

– कार्यक्रम में भाग लेते बच्चे व अन्य। फतेहपुर। प्राथमिक विद्यालय सराय सईद खान स्थित …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *