Breaking News

फतेहपुर में मतदाता बनने का मौका, 17 और 24 अक्टूबर को सभी बूथों पर लगेगा विशेष शिविर

फतेहपुर। मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे पात्र नागरिकों और पहली बार मतदाता बनने वाले युवाओं को निर्वाचक नामावली में शामिल करने के लिए जिले में 17 और 24 अक्टूबर को विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों के प्रत्येक मतदान स्थल पर विशेष कैंप आयोजित किए जाएंगे।
बुधवार को जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी निधि गुप्ता वत्स की अध्यक्षता में महात्मा गांधी कलेक्ट्रेट सभागार में मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों के साथ बैठक हुई। बैठक में अभियान की तैयारियों और दिशा-निर्देशों की जानकारी दी गई।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 के बाद मतदाता सूची में पात्र नागरिकों के नाम शामिल करने के लिए 17 अक्टूबर, शनिवार और 24 अक्टूबर, शनिवार को विशेष कैंप लगाए जाएंगे।

जिले के विधानसभा क्षेत्र 238-जाहानाबाद, 239-बिंदकी, 240-फतेहपुर, 241-अयाह शाह, 242-हुसैनगंज और 243-खागा (अजा) के सभी मतदान स्थलों पर सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) मौजूद रहेंगे। इस दौरान बीएलओ पात्र नागरिकों से फॉर्म-6 प्राप्त करेंगे।
उन्होंने संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी बूथों पर बीएलओ की उपस्थिति सुनिश्चित की जाए। साथ ही पर्याप्त संख्या में फॉर्म-6 और 10 अप्रैल को प्रकाशित अंतिम निर्वाचक नामावली उपलब्ध रखी जाए।

जिलाधिकारी ने नागरिकों से अपील की कि मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए विशेष कैंप के दौरान अपने नजदीकी बूथ पर पहुंचें। आवेदन के साथ नवीनतम फोटो, जन्मतिथि और निवास से संबंधित अभिलेखों की स्वप्रमाणित छायाप्रतियां लेकर आएं। परिवार के किसी सदस्य का मतदाता फोटो पहचान पत्र (एपिक) नंबर उपलब्ध होने पर उसे भी साथ रखें।
इसके अलावा, मतदाता पंजीकरण के लिए भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट और VHA ऐप का भी इस्तेमाल किया जा सकता है।
उन्होंने राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों से बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) नियुक्त करने और उनकी सूची संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी को उपलब्ध कराने की अपील की। साथ ही बीएलए के माध्यम से मतदाताओं को फॉर्म भरने में सहयोग प्रदान करने का अनुरोध किया।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), सहायक निर्वाचन अधिकारी, विभिन्न राजनीतिक दलों के पदाधिकारी और संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

About NW-Editor

Check Also

खागा के परिषदीय स्कूलों में फर्नीचर का इंतजार, सर्दी से पहले बच्चों को डेस्क-बेंच मिलने की उम्मीद

खागा, फतेहपुर। परिषदीय विद्यालयों को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने के दावों के बीच कई …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *