महोबा । उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा आउटसोर्स मानव संसाधन प्रबंधन में पारदर्शिता, जवाबदेही एवं डिजिटल एकीकरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से गठित उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम (UPCOS) के शुभारंभ के अवसर पर आज कीरत सागर, तट पर स्थित संस्कृतिक मंच में राज्यस्तरीय कार्यक्रम का सजीव प्रसारण एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी
गजल भारद्वाज, नगरपालिका चेयरमैन डॉ संतोष चौरसिया सहित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं आउटसोर्स कर्मचारियों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के उद्बोधन का सजीव प्रसारण किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार आउटसोर्स कर्मचारियों के हितों की रक्षा, पारदर्शी व्यवस्था, समयबद्ध मानदेय भुगतान तथा कार्यस्थल पर सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। UPCOS के माध्यम से आउटसोर्स कर्मचारियों के मानव संसाधन प्रबंधन को डिजिटल एवं व्यवस्थित स्वरूप प्रदान किया जाएगा तथा अनावश्यक बिचौलियापन एवं शोषण की संभावनाओं को समाप्त करने की दिशा में प्रभावी कदम उठाया गया है।
उन्होंने कहा कि आउटसोर्स कर्मी प्रदेश के विकास एवं जनसेवा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। सरकार का उद्देश्य प्रत्येक कार्मिक को उसके अधिकार, सम्मान एवं सुरक्षित कार्य वातावरण उपलब्ध कराना है।
उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मियों का हुआ सम्मान
समारोह में उत्कृष्ट कार्य करने वाले आउटसोर्स कार्यकर्ताओं एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष ने कहा कि UPCOS का गठन आउटसोर्स कर्मचारियों के हितों की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा पारदर्शी व्यवस्था के माध्यम से आउटसोर्स कर्मियों को उनके अधिकार, सम्मान एवं सुरक्षा उपलब्ध कराने का कार्य किया जा रहा है। सफाई कर्मी एवं अन्य जमीनी स्तर के कर्मचारी प्रतिदिन महत्वपूर्ण जनसेवा का कार्य करते हैं, इसलिए उनकी सुरक्षा एवं गरिमा सुनिश्चित करना सभी की जिम्मेदारी है।
पारदर्शी व्यवस्था लागू करने के लिए जिला प्रशासन प्रतिबद्ध : जिलाधिकारी
समारोह के समापन पर डीएम गजल भारद्वाज ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जनपद में आउटसोर्स कर्मचारियों के हितों की रक्षा तथा UPCOS पोर्टल के माध्यम से पारदर्शी एवं व्यवस्थित मानव संसाधन प्रबंधन व्यवस्था लागू करने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
जिलाधिकारी ने सभी आउटसोर्स कर्मचारियों को उनके महत्वपूर्ण योगदान के लिए शुभकामनाएं देते हुए कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों का पालन करने पर बल दिया।
कार्यक्रम में जिला पंचायती राज अधिकारी सी. के. वर्मा, अधिशाषी अधिकारी नगर पालिका अवधेश कुमार, सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, नगरपालिका के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में आउटसोर्स कर्मचारी उपस्थित रहे।
News Wani
