– वृक्षारोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
असोथर, फतेहपुर। नगर पंचायत असोथर के कटरा वार्ड में समाजवादी पार्टी (सपा) कार्यकर्ताओं ने प्रगतिशील लोकतांत्रिक गठबंधन (पीडीए) के महानायक पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का जन्मदिवस बड़े ही उत्साह और सामाजिक संदेश के साथ मनाया। इस अवसर पर केक काटा गया और पर्यावरण संरक्षण हेतु वृक्षारोपण भी किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता बाबा साहब आंबेडकर वाहिनी के जिलाध्यक्ष डॉ. अमित पाल ने की, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व ब्लॉक प्रमुख असोथर रीता प्रजापति मौजूद रहीं। सभी वरिष्ठ सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने संयुक्त रूप से केक काटा और एक-एक वृक्ष लगाने का संकल्प लिया। मुख्य अतिथि डॉ. अमित पाल ने वर्तमान सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने इटावा में यादव समाज के एक कथावाचक के साथ हुए अमानवीय व्यवहार की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए सरकार से न्याय की मांग की। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे 2027 के विधानसभा चुनाव में पीडीए का विधायक और सरकार बनाने हेतु अभी से जुट जाएँ। वृक्षारोपण के ज़रिए समाजवादियों ने न केवल महानायक को श्रद्धांजलि अर्पित की, बल्कि पर्यावरण संरक्षण की दिशा में जनभागीदारी का संदेश भी दिया। कार्यक्रम का आयोजन प्रेममऊ कटरा के बूथ अध्यक्ष कल्लू यादव एवं श्याम सिंह यादव ने किया। इस मौके पर उपस्थित प्रमुख जनप्रतिनिधि एवं पदाधिकारी मनोज यादव (विधानसभा अध्यक्ष), सलमान खान (जिला पंचायत सदस्य), आशीष सिंह रामदेव (युवजन विधानसभा अध्यक्ष), फूलचंद्र वर्मा (सपा अध्यक्ष, नगर पंचायत असोथर), रमेश चंद्र पासवान (जोन प्रभारी), सोनू वर्मा (सेक्टर प्रभारी), प्रमोद यादव, नरसिंह मौर्य, रामफल यादव, दलजीत निषाद, मिथलेश पाल, शिवहरि प्रधान, ओमप्रकाश, समर यादव, श्याम यादव सहित सैकड़ों सपाई मौजूद रहे।
News Wani
