फतेहपुर। स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित 70वीं जनपदीय विद्यालयीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता का बुधवार को समापन हो गया। प्रतियोगिता में बिंदकी तहसील के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 344 अंक हासिल किए और ओवरऑल चैंपियनशिप अपने नाम कर ली। खागा तहसील 239 अंकों के साथ दूसरे और फतेहपुर तहसील 184 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रही।
प्रतियोगिता के दूसरे दिन विभिन्न स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता का शुभारंभ जिला विद्यालय निरीक्षक राकेश कुमार और सह जिला विद्यालय निरीक्षक अविनाश ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित करके किया। क्रीड़ा सचिव भोला सिंह ने अतिथियों का स्वागत किया।
विभिन्न स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
बालिका सीनियर वर्ग की 110 मीटर बाधा दौड़ में इंटर कॉलेज बकेवर की स्नेहा जान प्रथम और फतेहपुर की रीता द्वितीय स्थान पर रहीं। हैमर थ्रो में पंडित दयाशंकर इंटर कॉलेज भैंसौली की राधा ने पहला, शहीद माल्टा इंटर कॉलेज जहानाबाद की अलशिफा ने दूसरा और अशोक इंटर कॉलेज शाखा की काजल देवी ने तीसरा स्थान हासिल किया।
200 मीटर दौड़ में इंटर कॉलेज जयरामपुर की प्रीति प्रथम, श्रीराम गोपाल त्रिपाठी इंटर कॉलेज विजयपुर की आंचल सिंह द्वितीय और गांधी इंटर कॉलेज जहानाबाद की तहसीन तृतीय स्थान पर रहीं।
डिस्कस थ्रो में बहुआ इंटर कॉलेज की लक्ष्मी ने पहला, सुखदेव इंटर कॉलेज की लक्ष्मी देवी ने दूसरा और विजयपुर की राखी सिंह ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।
3000 मीटर दौड़ में चौधरी शिव सहाय इंटर कॉलेज जयरामपुर की रीना देवी प्रथम, जनता इंटर कॉलेज गाजीपुर की पूजा द्वितीय और इसी विद्यालय की बेबी जैनब तृतीय स्थान पर रहीं।
व्यक्तिगत चैंपियनशिप में भी बिंदकी के खिलाड़ियों का दबदबा
व्यक्तिगत चैंपियनशिप में भी बिंदकी के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया।
सब जूनियर बालक वर्ग में लक्ष्य ने 600 मीटर दौड़, 400 मीटर दौड़ और लंबी कूद में प्रथम स्थान प्राप्त किया। सब जूनियर बालिका वर्ग में वर्षा ने 600 मीटर दौड़, लंबी कूद और 80 मीटर बाधा दौड़ में पहला स्थान हासिल किया।
जूनियर बालक वर्ग में अर्पित ने 800 मीटर, 1500 मीटर और 3000 मीटर दौड़ में जीत दर्ज कर व्यक्तिगत चैंपियनशिप अपने नाम की। वहीं, जूनियर बालिका वर्ग में नैन्सी ने लंबी कूद, त्रिकूद और 110 मीटर बाधा दौड़ में प्रथम स्थान प्राप्त कर खिताब जीता।
ध्वज उतारकर प्रतियोगिता का समापन
समापन अवसर पर जिला विद्यालय निरीक्षक राकेश कुमार, सह जिला विद्यालय निरीक्षक अविनाश और राजकीय इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य सुनील सिंह ने खिलाड़ियों का अभिवादन किया। इसके बाद जिला विद्यालय निरीक्षक ने ध्वज उतारकर प्रतियोगिता के समापन की घोषणा की।
इस अवसर पर क्रीड़ा सचिव भोला सिंह, प्रदीप सिंह चौहान, अतुल सिंह, शिवप्रताप सिंह, हरिशंकर सहित अन्य व्यायाम शिक्षक मौजूद रहे।
News Wani
