फतेहपुर। नवरात्र पर्व के अवसर पर बुधवार को इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी के तत्वावधान में तथा डॉ. सत्यनारायण सेवा फाउंडेशन के संयोजन में चेयरमैन फतेहपुर एवं कार्यकारिणी सदस्य डॉ. अनुराग श्रीवास्तव के नेतृत्व में उच्च प्राथमिक विद्यालय बक्शपुर में कन्या पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में सर्वप्रथम सभी कन्याओं को तिलक लगाकर उनका पूजन किया गया। इसके बाद उन्हें फल, बिस्कुट सहित खाद्य सामग्री, कॉपी, पेंसिल, रबर, कटर, रुमाल और दक्षिणा भेंट कर उनका आशीर्वाद लिया गया।
इस दौरान बच्चियां उत्साहपूर्वक जोर से ‘बोलो जय माता दी, प्रेम से बोलो जय माता दी’ के जयकारे लगाती रहीं। उपहार पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
कार्यक्रम का उद्देश्य नवरात्र पर्व पर कन्या पूजन करने के साथ ही बच्चियों को प्रोत्साहित करना और उनमें शिक्षा के प्रति उत्साह बढ़ाना रहा।
इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या राधिका मिश्रा, इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी की आजीवन सदस्य वर्षा श्रीवास्तव, दीपिका श्रीवास्तव एवं प्रमुख सहयोगी अभिनव श्रीवास्तव सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

News Wani