फतेहपुर। साइबर अपराधियों को बैंक खाते उपलब्ध कराने और उनके माध्यम से साइबर ठगी की रकम एक खाते से दूसरे खाते में स्थानांतरित करने वाले गिरोह का जिला साइबर सेल ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से तीन मोबाइल फोन, एक चेकबुक, तीन एटीएम कार्ड और दो पासबुक बरामद की हैं। एनसीआरपी पोर्टल पर अलग-अलग राज्यों से संबंधित साइबर ठगी की नौ शिकायतें सामने आई हैं। इन शिकायतों में कुल 4 करोड़ 77 लाख 37 हजार 216 रुपये की ठगी की रकम शामिल है।
समन्वय पोर्टल पर प्राप्त साइबर धोखाधड़ी की शिकायतों के संबंध में संदिग्ध बैंक खातों, मोबाइल नंबरों और व्यक्तियों की जांच की जा रही थी। इसी क्रम में जिला साइबर सेल ने 17 अक्टूबर को जुटाए गए अभिलेखीय एवं इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों से पूछताछ की।
जांच में सामने आया कि आरोपी विभिन्न बैंकों में अपने खाते खुलवाकर साइबर अपराधियों को उपलब्ध कराते थे। इन खातों के माध्यम से साइबर ठगी से प्राप्त धनराशि का हस्तांतरण किया जाता था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अनूप पटेल उर्फ बलजीत पुत्र रघुवीर, निवासी परसेदपुर, थाना औंग तथा लवकुश पुत्र श्रीलाल, निवासी उमरापुर, थाना मलवां के रूप में हुई है।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि साइबर ठगी से प्राप्त रकम को आगे स्थानांतरित करने के लिए वे अपने बैंक खाते किराये पर देते थे। इसके बदले उन्हें ठगी की रकम में से हिस्सा मिलता था।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक आईफोन-16, एक वीवो टी2एक्स और एक टेक्नो एंड्रॉयड मोबाइल फोन, एक चेकबुक, तीन एटीएम कार्ड तथा दो पासबुक बरामद की हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश करने के लिए रवाना कर दिया।

News Wani