फतेहपुर। जिले में पिछले चौबीस घंटों से हो रही लगातार बारिश ने ऐसा तांडव मचाया कि लगभग नौ कच्चे मकान धराशायी हो गए। इससे घरों में रखा लकड़ी का सामान, बिस्तर, अनाज समेत पूरी गृहस्थी मलबे में दबकर बर्बाद हो गई। गृहस्थी बर्बाद होने से अब इन परिवारों के सामने जीवन-यापन का संकट खड़ा हो गया है। पीड़ितों के साथ-साथ ग्रामीणों ने प्रदेश सरकार से जनहानि का मुआवजा दिलाए जाने की मांग उठाई है।
अमौली ब्लॉक के बुधवा गांव में शनिवार रात जय कुमार द्विवेदी, रघुवेन्द्र सचान, सनीशियल सचान, जितेंद्र सैनी और विजय कुमार के मकान बारिश की मार नहीं सह सके। इसके अलावा एक अन्य कच्चा मकान भी धराशायी हो गया। गनीमत रही कि हादसों में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। हालांकि, मकान गंवाने वाले परिवारों के सामने अब सिर छिपाने का संकट खड़ा हो गया है। पीड़ितों ने प्रशासन से मुआवजे के साथ आवास योजना का लाभ दिलाने की गुहार लगाई है।
खागा तहसील क्षेत्र के धाता व विजयीपुर विकासखंड क्षेत्र में भी बारिश के चलते कच्चे और जर्जर मकानों के धराशायी होने का सिलसिला जारी है। धाता विकासखंड के कोट गांव निवासी मोहम्मद गनीफ का कच्चा मकान लगातार बारिश के चलते गिर गया। वहीं विजयीपुर विकासखंड के गाजीपुर गढ़ा गांव में जुल्फिकार का पुराना मकान बारिश की मार नहीं झेल सका और भरभराकर गिर गया। मकान गिरने से प्रभावित परिवारों का अनाज, कपड़े, बर्तन समेत अन्य घरेलू सामान भी मलबे में दबकर खराब हो गया।
ग्रामीणों ने प्रशासन से प्रभावित परिवारों का तत्काल सर्वे कराकर नुकसान का आकलन कराने और पात्र लोगों को आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की है।
इसी तरह सदर तहसील क्षेत्र के तेलियानी विकासखंड के सेमरहटा गांव में श्रीपाल और भगवानदीन के कच्चे मकान बारिश के दौरान भरभराकर गिर गए। गनीमत रही कि हादसे के समय परिवार के लोग मकान के अंदर नहीं थे और बड़ा हादसा टल गया। वहीं बाबूराम का कच्चा मकान भी पहले ही गिर चुका है। लगातार मकानों के गिरने से प्रभावित परिवारों के सामने अब सिर छिपाने का संकट खड़ा हो गया है।
आवास योजना की पारदर्शिता पर उठे सवाल
कच्चे मकानों के लगातार गिरने की घटनाओं ने सरकारी आवास योजनाओं के लाभ को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि पात्र परिवारों का समय से सर्वे कराकर उन्हें आवास योजना का लाभ मिल जाए तो बारिश के मौसम में मकान गिरने से होने वाले जान-माल के खतरे को कम किया जा सकता है।
बारिश ने मचाई तबाही, ग्रामीणों के घरों में घुसा पानी
खागा, फतेहपुर। कस्बे सहित ऐरायां विकासखंड में बारिश ने तबाही मचा दी है। कस्बे के ब्राह्मण टोला, नई बाजार और गढ़ी में जलभराव के कारण लोगों का निकलना मुश्किल हो गया है।
इसी तरह मंझगांव मजरे मोहम्मदपुर गौती गांव में सोमवार को भोर से सुबह करीब साढ़े 11 बजे तक लगातार बारिश होने से गांव की गलियों में जल निकासी नहीं हो सकी। इसके कारण लोगों के घरों में पानी घुसने लगा है।
एक तरफ मोबाइल फोन में लगातार बारिश के अलर्ट रुकने का नाम नहीं ले रहे हैं, तो दूसरी तरफ बारिश थमने का नाम नहीं ले रही है। इससे कई ग्रामीणों के कच्चे घर होने के कारण उनमें काफी डर बना हुआ है कि अगली बारिश कब आफत बन जाए, इसका कोई भरोसा नहीं है।
ग्रामीणों ने गांव की गलियों और घरों में पानी घुसने के वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किए हैं। चेयरमैन गीता सिंह ने बताया कि नाला निर्माण न होने के कारण जलभराव की समस्या हो रही है
News Wani
