नई दिल्ली। भारत की अंडर-19 टीम में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाली सीरीज से पहले बड़ा बदलाव किया गया है। एज फ्रॉड के मामले में दो साल के लिए प्रतिबंधित किए गए बंगाल के लेग स्पिनर रोहित यादव को टीम से बाहर कर दिया गया है। उनकी जगह आर्यन सावसानी को वनडे टीम और तन्मय बलोदा को मल्टी-डे टीम में शामिल किया गया है।
रोहित यादव जुलाई में श्रीलंका दौरे पर गई भारत की अंडर-19 टीम का हिस्सा थे। उनकी उम्र से जुड़े दस्तावेजों में गड़बड़ी सामने आने के बाद उन्हें टीम से बाहर कर दिया गया था। इसके बाद उन पर दो साल का प्रतिबंध लगाया गया।
उम्र के रिकॉर्ड में 27 महीने का अंतर
बंगाल क्रिकेट संघ की ओर से खिलाड़ियों के प्री-सीजन दस्तावेजों की जांच के दौरान रोहित की उम्र से संबंधित विसंगति सामने आई। रिपोर्ट के अनुसार, उनके रिकॉर्ड में करीब 27 महीने का अंतर पाया गया। रोहित बंगाल की अलग-अलग आयु वर्ग की टीमों का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।
उम्र संबंधी गड़बड़ियों के मामलों में बंगाल क्रिकेट संघ ने कई अन्य खिलाड़ियों पर भी कार्रवाई की है।
वनडे टीम की कमान लक्ष्य रायचंदानी के हाथ
ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 के खिलाफ वनडे सीरीज में लक्ष्य रायचंदानी भारतीय टीम की कप्तानी करेंगे, जबकि यशवर्धन चौहान उपकप्तान होंगे। मल्टी-डे मुकाबलों में दोनों की भूमिकाएं बदल जाएंगी। यशवर्धन चौहान कप्तान और लक्ष्य रायचंदानी उपकप्तान की जिम्मेदारी संभालेंगे।
वनडे टीम में पूर्व भारतीय क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर सहवाग और राहुल द्रविड़ के बेटे अन्वय द्रविड़ भी शामिल हैं। अन्वय जुलाई में श्रीलंका दौरे पर भी भारतीय अंडर-19 टीम का हिस्सा थे और उन्होंने दूसरे वनडे में 87 रन की पारी खेली थी।
भारत अंडर-19 वनडे टीम
लक्ष्य रायचंदानी (कप्तान), यशवर्धन चौहान (उपकप्तान), रजत बघेल (विकेटकीपर), आर्यवीर सहवाग, वीके विनीत, कुशाग्र ओझा, अर्जुन राजपूत, मनाल चौहान, अन्वय द्रविड़ (विकेटकीपर), वी यशवीर, शाविन विनोद, मोहित उलवा, चिगुरुपति वेंकट, काव्या पटेल और आर्यन सावसानी।
भारत अंडर-19 मल्टी-डे टीम
यशवर्धन चौहान (कप्तान), लक्ष्य रायचंदानी (उपकप्तान), सागर वीरक, कुशाग्र ओझा, मनाल चौहान, कुश पटेल, मानव कृष्णा (विकेटकीपर), अभिप्राय बिस्वास (विकेटकीपर), ईशान ओम, अयान अकरम, प्रणव राघवेंद्र, प्रियांशु सिंह, मोहित उलवा, आर्यन यादव और तन्मय बलोदा।
News Wani
