Breaking News

RRIUM नई दिल्ली की कमान डॉ. जकी अहमद सिद्दीकी को यूनानी चिकित्सा, शोध और प्रशासन में करीब तीन दशक का अनुभव, कई महत्वपूर्ण संस्थानों में निभा चुके हैं जिम्मेदारी

नई दिल्ली। यूनानी चिकित्सा के क्षेत्र में लंबे समय से सेवाएं दे रहे वरिष्ठ चिकित्सक एवं शोधकर्ता डॉ. जकी अहमद सिद्दीकी ने रीजनल रिसर्च इंस्टीट्यूट ऑफ यूनानी मेडिसिन (RRIUM), नई दिल्ली के प्रभारी के रूप में कार्यभार संभाल लिया है। उनसे पहले यह जिम्मेदारी संभाल रहे डॉ. जियाउल हक सिद्दीकी के सेवानिवृत्त होने के बाद उन्हें संस्थान की कमान सौंपी गई है। यह संस्थान सेंट्रल काउंसिल फॉर रिसर्च इन यूनानी मेडिसिन (CCRUM) के अधीन संचालित है।
डॉ. सिद्दीकी के कार्यभार ग्रहण करने के दौरान संस्थान के वरिष्ठ अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनका स्वागत किया। साथ ही सेवानिवृत्त डॉ. जियाउल हक सिद्दीकी की सेवाओं को याद करते हुए उनके योगदान की सराहना की गई।
यूनानी चिकित्सा और शोध के क्षेत्र में डॉ. जकी अहमद सिद्दीकी का करीब तीन दशक लंबा अनुभव है। क्लीनिकल रिसर्च से लेकर यूनानी औषधियों के मानकीकरण, प्रशासन और नीतिगत कार्यों तक उन्होंने अलग-अलग स्तर पर जिम्मेदारियां निभाई हैं। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय के ए एंड यू तिब्बिया कॉलेज से BUMS और जामिया तिब्बिया, देवबंद से MD (मुआलजात) की शिक्षा प्राप्त की।

डॉ. सिद्दीकी ने वर्ष 1996 में CCRUM में रिसर्च ऑफिसर के रूप में अपनी सेवा शुरू की थी। इसके बाद उन्हें शोध, चिकित्सा सेवाओं और प्रशासन से जुड़ी विभिन्न जिम्मेदारियां मिलीं। उनके सेवाकाल का करीब दो दशक का हिस्सा CCRUM मुख्यालय और आयुष मंत्रालय से जुड़े कार्यों में बीता।
आयुष मंत्रालय के शिक्षा नीति अनुभाग में रहते हुए उन्होंने आयुर्वेद, सिद्ध और यूनानी चिकित्सा महाविद्यालयों से संबंधित नीतिगत एवं प्रशासनिक विषयों पर भी कार्य किया।
वर्ष 2020 से 2022 के बीच वह CCRUM की ड्रग स्टैंडर्डाइजेशन रिसर्च यूनिट (DSRU), नई दिल्ली के प्रभारी रहे। यहां यूनानी औषधियों के मानकीकरण से जुड़े शोध कार्यों को आगे बढ़ाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही।
इसके बाद वर्ष 2022 से 2025 तक उन्होंने सफदरजंग अस्पताल, नई दिल्ली स्थित यूनानी मेडिकल सेंटर का नेतृत्व किया और वहां यूनानी चिकित्सा सेवाओं के संचालन से जुड़ी जिम्मेदारियां संभालीं।
दिसंबर 2025 में पदोन्नति के बाद उन्हें डिप्टी डायरेक्टर के रूप में RRIUM मुंबई की जिम्मेदारी मिली। अप्रैल 2026 में उन्होंने नई दिल्ली स्थित हकीम अजमल खान इंस्टीट्यूट फॉर लिटरेरी एंड हिस्टोरिकल रिसर्च इन यूनानी मेडिसिन (HAKILHRUM) में असिस्टेंट डायरेक्टर के रूप में जिम्मेदारी संभाली।
अब RRIUM नई दिल्ली की जिम्मेदारी मिलने के बाद डॉ. जकी अहमद सिद्दीकी के लंबे चिकित्सकीय, शोध एवं प्रशासनिक अनुभव का लाभ संस्थान को मिलने की उम्मीद है। उनके नेतृत्व में यूनानी चिकित्सा से जुड़े शोध, औषधि मानकीकरण, चिकित्सा सेवाओं और संस्थागत गतिविधियों को आगे बढ़ाने पर विशेष जोर रहने की संभावना है।

About NW-Editor

Check Also

SC का बड़ा फैसला: लॉ छात्रों पर बार काउंसिल नहीं कर सकती अनुशासनात्मक कार्रवाई, BCI का आदेश गैरकानूनी

नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट ने लॉ छात्रों के खिलाफ बार काउंसिल ऑफ इंडिया (BCI) की …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *