उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले के थरियांव थाना क्षेत्र में एक प्रधान पक्ष ने मुकदमा दर्ज होने की खुन्नस में पीड़ित के घर पर हमला कर दिया। इस मारपीट में दोनों पक्षों के लोगों को चोटें आई हैं। यह घटना तीन दिन पहले हुई एक अन्य मारपीट के बाद हुई है, जिसकी पुलिस जांच कर रही है।
सलेमपुर गांव निवासी अफसर पुत्र हारून ने बताया कि बुधवार को वह अपने दोस्त समीम के साथ कार से घर लौट रहा था। तभी रास्ते में ग्राम प्रधान और उसके साथियों ने बीच सड़क पर ट्रैक्टर खड़ा कर उन्हें रोका और मारपीट की। इस दौरान उनकी कार में भी तोड़फोड़ की गई। इस मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।
अफसर के अनुसार, इसी खुन्नस में प्रधान पक्ष के लोग उनके घर पर चढ़ आए और बेवजह गाली-गलौज करने लगे। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई, जिसमें कई लोगों को चोटें आईं।
थाना प्रभारी राजेंद्र सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों के लोगों के बीच मारपीट हुई है। पुलिस ने पांच लोगों को पूछताछ के लिए थाने में हिरासत में लिया है और मामले की जांच जारी है।
News Wani
