महोबा। आल्हा चौक स्थित सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व गुरुवार को हर्षोल्लास और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर श्रीकृष्ण की भक्ति में सराबोर नजर आया। राधा-कृष्ण की मनमोहक झांकी ने सभी का ध्यान आकर्षित किया।कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य कमलेश सिंह ने भगवान श्रीकृष्ण, मां सरस्वती एवं भारत माता के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद वंदना एवं विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन हुआ। विद्यालय के छात्र प्रधानमंत्री भैया वेदांत सिंह ने कार्यक्रम का कुशल संचालन करते हुए सभी प्रस्तुतियों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। जन्माष्टमी के अवसर पर विद्यालय के भैया-बहनों ने भगवान श्रीकृष्ण के जीवन, उनके आदर्शों एवं शिक्षाओं पर अपने विचार रखे। साथ ही सुमधुर भजनों की प्रस्तुतियों से वातावरण भक्तिमय हो गया। विद्यालय परिसर में सजाई गई श्रीकृष्ण और राधारानी की सजीव झांकी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की श्रृंखला में आचार्य जयनारायण, जगप्रसाद तिवारी, आदित्य मिश्रा, कृष्ण चंद्र पाठक, अरुण कुमार श्रीमाली तथा आचार्या भगिनी शिवदेवी ने गद्य, काव्य और भजनों के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण की दिव्य लीलाओं एवं जीवन प्रसंगों का भावपूर्ण वर्णन किया। उनकी प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनसमूह को भावविभोर कर दिया कार्यक्रम के समापन पर प्रधानाचार्य कमलेश सिंह ने विद्यार्थियों को भगवान श्रीकृष्ण के कर्मयोग एवं कर्तव्यनिष्ठा के संदेश को अपने जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि श्रीकृष्ण का जीवन हमें कर्म करते हुए निरंतर आगे बढ़ने की सीख देता है। उन्होंने समस्त विद्यालय परिवार को जन्माष्टमी की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर विद्यालय के समस्त आचार्य-आचार्या, शिक्षणेत्तर कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में भैया-बहन मौजूद रहे।

News Wani