Breaking News

OpenAI के दफ्तर में गुप्त रिकॉर्डिंग डिवाइस मिलने से मचा हड़कंप, सऊदी नागरिक को kiya गिरफ्तार

सैन फ्रांसिस्को: अमेरिका के सैन फ्रांसिस्को स्थित OpenAI के कार्यालय में कथित तौर पर गुप्त रिकॉर्डिंग डिवाइस लगाने के मामले में FBI ने सऊदी नागरिक अब्दुलरहमान अलफोजान को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उसने कंपनी के कॉन्फ्रेंस रूम में टीवी के पीछे एक रिकॉर्डिंग डिवाइस छिपाया था। इस मामले में जांच के बाद 9 अक्टूबर को उसकी गिरफ्तारी हुई।

टीवी के पीछे छिपाया था रिकॉर्डिंग डिवाइस

रिपोर्ट के मुताबिक, 28 सितंबर को आरोपी ने कॉन्फ्रेंस रूम में टीवी के पीछे USB पोर्ट में एक डिवाइस लगाया था। इसे छिपाने के लिए टॉयलेट पेपर का इस्तेमाल किए जाने का आरोप है। दो दिन बाद कंपनी के कर्मचारियों को सुरक्षा जांच के दौरान यह डिवाइस मिला।

डिवाइस में माइक्रोफोन, कैमरा सेंसर और डेटा स्टोर करने के लिए माइक्रो SD कार्ड मौजूद था। रिकॉर्डिंग एन्क्रिप्टेड होने के कारण उसकी सामग्री को सुन पाना संभव नहीं हुआ। हालांकि, अब तक यह स्पष्ट नहीं है कि डिवाइस से कोई संवेदनशील बातचीत रिकॉर्ड हुई थी या नहीं।

AI चैटबॉट से ली थी जानकारी

जांच अधिकारियों के आरोपों के अनुसार, आरोपी ने रिकॉर्डिंग डिवाइस तैयार करने और उसे छिपाने से संबंधित जानकारी जुटाने के लिए AI चैटबॉट का इस्तेमाल किया था। उसने डिवाइस बनाने, उसे लगाने, रिकॉर्डिंग की जांच करने और दूर से इस्तेमाल करने जैसे विषयों पर सवाल पूछे थे।

बताया गया है कि जिस कॉन्फ्रेंस रूम में डिवाइस मिला, वहां कंपनी के अधिकारी महत्वपूर्ण मुद्दों पर बैठकें करते थे। CCTV फुटेज में आरोपी को कई दिनों तक उस कमरे के आसपास देखा गया। जांच एजेंसियों के अनुसार, उसे वहां जाने या संबंधित बैठकों में शामिल होने की अनुमति नहीं थी।

OpenAI ने नौकरी से निकाला

अब्दुलरहमान अलफोजान जुलाई 2025 में OpenAI से जुड़ा था। वह इंजीनियरिंग लीड के तौर पर AI एजेंट्स और डेटा प्लेटफॉर्म से जुड़े काम करता था। इससे पहले वह Meta, Microsoft और SAP जैसी कंपनियों में भी काम कर चुका था। उसकी शैक्षणिक पृष्ठभूमि में MIT से कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग की पढ़ाई शामिल बताई गई है।

OpenAI के मुताबिक, अब तक ऐसा कोई सबूत नहीं मिला है जिससे यह साबित हो कि आरोपी ने कंपनी के AI मॉडल के मूल डेटा, सोर्स कोड या ग्राहकों की जानकारी तक अनधिकृत पहुंच बनाई अथवा उसे बाहर भेजा। घटना के बाद कंपनी ने उसे नौकरी से निकाल दिया।

दोषी पाए जाने पर हो सकती है जेल

अमेरिकी न्याय विभाग के अनुसार, दोष साबित होने पर आरोपी को पांच साल तक की जेल, 2.5 लाख डॉलर तक का जुर्माना और तीन साल तक निगरानी में रहने की सजा हो सकती है। गिरफ्तारी के बाद उसे पहली बार संघीय अदालत में पेश किया गया।

फिलहाल मामले की जांच और कानूनी प्रक्रिया जारी है। आरोपी पर लगाए गए आरोपों को अदालत में साबित किया जाना बाकी है।

About NW-Editor

Check Also

फ्रांस में साइबर हमले से मचा हड़कंप, 480 से ज्यादा सुपरमार्केट के फ्रिज हुए गर्म; करोड़ों यूरो के नुकसान की आशंका

पेरिस, फ्रांस। फ्रांस में सोमवार को सुपरमार्केट के रेफ्रिजरेशन सिस्टम पर हुए बड़े साइबर हमले …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *