– छात्र-छात्राओं ने नवीन व आकर्षक वैज्ञानिक मॉडलों का किया प्रदर्शन
– मेले के प्रतिभागी बच्चों को शील्ड देकर पुरस्कृत करते अतिथि।
फतेहपुर। राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के पावन अवसर पर एमएस इंस्टीट्यूट स्कूल सहिली ने विज्ञान मेले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन विद्यालय के वरिष्ठ मार्गदर्शक जसवंत व विद्यालय स्टाफ ने किया। मुख्य अतिथि के रूप में चंद्रभानु यादव की उपस्थिति रही। श्री यादव ने आधुनिक शिक्षा के जनक ज्योतिबा राव फुले, सावित्रीबाई फुले व फातिमा शेख की तस्वीर देकर स्टाफ को सम्मानित किया। विशिष्ट अतिथि के रूप में राजबहादुर सिंह, रामबरन रावत, रामकुमार गौतम उपस्थित रहे। जिन्होंने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए विज्ञान को राष्ट्र निर्माण की आधारशिला बताया। साथ ही बृजरानी पटेल विद्यालय के संचालक बृजेन्द्र पटेल की उपस्थिति ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। छात्र-छात्राओं ने विज्ञान मेले में नवीन एवं आकर्षक वैज्ञानिक मॉडलों का प्रदर्शन किया। ऊर्जा संरक्षण, पर्यावरण सुरक्षा, डिजिटल तकनीक एवं आधुनिक वैज्ञानिक उपकरणों से जुड़े मॉडल विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। प्रबंधक जियालाल भारती, संचालक जसवंत लाल भारती, प्रधानाचार्य एसके निगम ने अपने संबोधन में कहा कि विज्ञान मेला का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित कर उन्हें आधुनिक युग में सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाना है। यह आयोजन शिक्षा, नवाचार एवं राष्ट्र निर्माण की दिशा में विद्यालय की प्रतिबद्धता का सशक्त उदाहरण रहा।

News Wani