जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री और नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला को एक शख्स ने बुधवार रात गोली मारने की कोशिश है. हालांकि गनीमत यह रही कि सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत ही उस शख्स को पकड़ लिया और फारूक अब्दुल्ला पूरी तरह सुरक्षित बच गए. यह घटना उस समय हुई जब वे जम्मू के ग्रेटर कैलाश स्थित रॉयल पार्क में एक विवाह समारोह में शामिल हुए थे. हमले के बाद फारूक अब्दुल्ला ने बताया कि उन्हें पहले लगा कि शायद पटाखे चल रहे हैं और उन्हें समझ ही नहीं आया कि अचानक क्या हो गया.
फारूक अब्दुल्ला ने घटना को याद करते हुए कहा, ‘मुझे लगा कि पटाखों की आवाज है. मुझे बिल्कुल पता नहीं था कि क्या हो रहा है. अचानक मुझे जल्दी से कार में बैठा दिया गया और तब बताया गया कि गोली चली है.’ अब्दुल्ला ने यह भी बताया कि ‘न तो मैं उस आदमी (आरोपी) को जानता हूं और न ही मुझे उसके बारे में कुछ पता है.’ इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें दिख रहा है कि हमलावर ने बेहद करीब से गोली चलाई, लेकिन सुरक्षा कर्मियों की तुरंत कार्रवाई से बड़ा हादसा टल गया.
पुलिस ने आरोपी को मौके से ही पकड़ लिया. आरोपी की पहचान जम्मू निवासी कमल सिंह जमवाल के रूप में हुई है. पूछताछ में उसने दावा किया कि वह पिछले करीब 20 साल से फारूक अब्दुल्ला को मारने की योजना बना रहा था और उसे इस शादी समारोह में मौका मिला. पुलिस के अनुसार 63 वर्षीय आरोपी ने अपने ही लाइसेंसी हथियार से फायरिंग की. बताया जा रहा है कि आरोपी जम्मू के पुराने इलाके में कुछ दुकानों का मालिक है और किराये से अपनी आमदनी करता है.
घटना के समय जम्मू-कश्मीर के उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी भी फारूक अब्दुल्ला के साथ मौजूद थे. दोनों नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेता बीएस चौहान की बेटी की शादी में शामिल होने पहुंचे थे और करीब एक घंटे से कार्यक्रम में मौजूद थे. गोली चलने के बाद वहां अफरातफरी मच गई, लेकिन सुरक्षा कर्मियों ने तुरंत आरोपी को काबू में कर लिया. घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कहा कि अल्लाह की मेहरबानी से उनके पिता की जान बच गई. उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि एक व्यक्ति लोडेड पिस्तौल लेकर बेहद करीब तक पहुंच गया और गोली चला दी. उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि Z+ और NSG सुरक्षा प्राप्त पूर्व मुख्यमंत्री के इतने करीब कोई व्यक्ति हथियार के साथ कैसे पहुंच गया.
फिलहाल पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ शुरू कर दी है. सुरक्षा एजेंसियां यह भी जांच कर रही हैं कि आरोपी ने अकेले ही इस हमले की योजना बनाई थी या इसके पीछे कोई और भी शामिल है. घटना के बाद से फारूक अब्दुल्ला की सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया गया है.
News Wani
