पश्चिम बंगाल के नॉर्थ परगना में गृह मंत्री अमित शाह ने ममता बनर्जी सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि ममता सरकार घुसपैठियों को खुला संरक्षण दे रही है। बंगाल की जनता अब सब समझ चुकी है और TMC को उखाड़ फेंकने का मन बना चुकी है। उन्होंने कहा कि अब इस सरकार की विदाई का वक्त आ गया है।
वीरों के आखिरी शब्द भी वंदे मातरम् थे- शाह
अमित शाह ने कहा कि आज़ादी की लड़ाई में जिन वीरों ने देश के लिए जान दी, जिन्हें फांसी तक चढ़ाया गया, उनके आखिरी शब्द भी “वंदे मातरम्” ही थे। इसी भावना को सम्मान देते हुए मोदी सरकार ने वंदे मातरम् के 150 साल पूरे होने पर देशभर में इसे मनाने का फैसला किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संकल्प है कि बंगाल की धरती से उठा वंदे मातरम् का नारा फिर एक बार कश्मीर से कन्याकुमारी और गुजरात से लेकर बंगाल तक गूंजे। लेकिन अमित शाह ने इसे विडंबना बताया कि जिस वंदे मातरम् की शुरुआत बंगाल की मिट्टी से हुई, जिसे बंकिमचंद्र चट्टोपाध्याय ने लिखा, उसी वंदे मातरम् पर संसद में चर्चा के दौरान ममता बनर्जी की पार्टी के सांसदों ने विरोध किया।
अब जानें शाह ने अपनी स्पीच में क्या-क्या बोला
- गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि साल 2026 तृणमूल कांग्रेस (TMC) को “टाटा, बाय-बाय” कहने का साल होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि TMC की राजनीति अब कम्युनिस्टों से भी आगे निकल चुकी है। शाह ने कहा कि जब वे पहले बंगाल आए थे, तब उन्होंने दावा किया था कि राज्य में भारी बहुमत से भाजपा की सरकार बनेगी। उस समय मुख्यमंत्री ममता बनर्जी उनका मजाक उड़ा रही थीं।
- वे आगे कहते हैं कि, जब भगवान राम ने राम सेतु बनाया था, तब रावण ने भी इसी तरह उनका मजाक उड़ाया था, लेकिन अंत सबने देखा शाह ने आगे केंद्र में भाजपा की जीतों का जिक्र करते हुए कहा कि 2024 में तीन दशक बाद पहली बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार तीसरी बार देश के प्रधानमंत्री बने। उसी साल आंध्र प्रदेश में भाजपा की सरकार बनी। ओडिशा में सत्ता में आए और अरुणाचल प्रदेश में लगातार तीसरी बार सरकार बनाई।
- इसके अलावा शाह ने भाजपा की कई राज्यों में प्रचंड जीत का भी जिक्र किया। शाह ने कहा कि 2025 में हरियाणा, महाराष्ट्र और दिल्ली में 30 साल बाद भाजपा की सरकार बनी और साल के अंत तक बिहार में भी भाजपा-एनडीए ने प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाई।
दो दिन के बंगाल दौरे पर है शाह
अमित शाह इस समय दो दिन के पश्चिम बंगाल दौरे पर हैं। वे शुक्रवार रात कोलकाता पहुंचे। नॉर्थ परगना के बैरकपुर में रैली को संबोधित करने के बाद दोपहर करीब 2 बजे वे बागडोगरा रवाना होंगे, जहां उत्तर बंगाल के पार्टी नेताओं के साथ संगठनात्मक बैठक करेंगे। बताया जा रहा है कि एक महीने के भीतर यह शाह का दूसरा बंगाल दौरा है। इससे पहले वे 30 और 31 दिसंबर को भी कोलकाता आए थे। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव कुछ ही महीनों में होने वाले हैं, ऐसे में शाह के लगातार दौरे को चुनावी तैयारी से जोड़कर देखा जा रहा है।
News Wani
