गाजियाबाद जिले से मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है. यहां एक कलयुगी बेटा अपनी बीमार मां को लात-घूसों से पीटता हुआ नजर आया है. बेटे की यह करतूत कमरे में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई. सीसीटीवी फुटेज का ये वीडियो शनिवार को सामने आया है। जिसमें बेटा अपनी मां को पीटता दिख रहा है। घटना को लेकर लोगों में गुस्सा है. मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी बेटे को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.
कहां का है पूरा मामला: ये पूरा मामला गाजियाबाद के मधुबन बापूधाम थाना इलाके के संजय नगर सेक्टर 23 जागृति विहार का है. 44 साल के बेटे ने 70 साल की बुजुर्ग और बीमार मां को बेरहमी से पीटा. पहले कमरे में आकर उनके बगल में बैठा फिर उनको थप्पड़ मारे. करीब 30 सेकेंड तक गला दबाए रहा. इसके बाद उन्हें घूसे मारने लगा. मां की दवाएं भी जमीन पर पटक दीं. निशांत ठाकुर नाम का शख्स अपनी ही 70 साल की बीमार मां को पीटते हुए दिखाई दे रहा है. घर में लगे CCTV कैमरे में उसकी ये हरकत कैद हो गई.
बेटी रख रही थी बीमार मां पर नजर: दरअसल, आरोपी की बहन निशा अमेरिका में रहती है और उसने ही निशांत की इन्हीं हरकतों को देखते हुए अपनी बीमार मां के कमरे में ये CCTV कैमरा लगवाया था. बेटी ने मां के कमरे में लगे सीसीटीवी कैमरे में पूरी घटना देखी. उसने रिश्तेदारों और सोसाइटी के लोगों को वीडियो भेजा. सोसाइटी के लोगों की सूचना पर पुलिस पहुंची. बेटे को हिरासत में लेकर मधुबन बापूधाम थाना लेकर गई. निशा ने पुलिस से भाई निशांत पर कार्रवाई करने की भी गुहार लगाई. देखते ही देखते ही बुजुर्ग मां को पीटना की वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसे देखकर हर कोई दंग रह गया.
निशांत राघव विवाहित है और उसके चार बच्चे हैं, जिनमें दो बेटे और दो बेटियां शामिल हैं. जानकारी के मुताबिक निशांत का पत्नी से तलाक का मामला चल रहा है. उसकी शादी लगभग 17 साल पहले ममता से हुई थी. नशे की लत और लगातार घरेलू कलह के कारण दोनों के रिश्ते बिगड़ गए, जिसके चलते करीब ढाई साल से उनका तलाक का मामला अदालत में विचाराधीन है. उसकी पत्नी उससे अलग रह रही है. बताया जा रहा है कि निशांत करीब तीन महीने पहले नोएडा स्थित एक नशामुक्ति केंद्र से उपचार लेकर लौटा है.
News Wani
