– बूथ से संगठन तक सक्रिय हुए कार्यकर्ता
– बाबा लक्खीशाह बंजारा जयंती पर किया नमन
– बैठक को संबोधित करते जिलाध्यक्ष सुरेन्द्र सिंह यादव।
फतेहपुर। समाजवादी पार्टी के जिला कार्यालय में शनिवार को आयोजित मासिक बैठक में संगठनात्मक मजबूती, मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण के बाद सामने आई त्रुटियों के निराकरण और बूथ स्तर पर चल रहे वृक्षारोपण अभियान की व्यापक समीक्षा की गई। बैठक के दौरान महान समाजसेवी एवं क्रांतिकारी बाबा लक्खीशाह बंजारा की जयंती श्रद्धापूर्वक मनाई गई। नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर माल्यार्पण कर उनके संघर्षपूर्ण जीवन, समाज सेवा और बलिदान को याद किया।
बैठक की अध्यक्षता सपा जिलाध्यक्ष सुरेंद्र प्रताप सिंह व संचालन जिला महासचिव चौधरी मंज़र यार ने किया। जिलाध्यक्ष ने सभी विधानसभा अध्यक्षों से विशेष पुनरीक्षण के बाद प्राप्त मतदाता सूची की बिंदुवार समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि सूची में दर्ज गलत नामों की पहचान कर उन्हें समय रहते ठीक कराया जाए, ताकि किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची से छूटने न पाए। बैठक में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के जन्मदिन के उपलक्ष्य में 1 से 7 जुलाई तक बूथ स्तर पर चल रहे वृक्षारोपण अभियान की भी समीक्षा की गई। पदाधिकारियों को निर्देश दिए गए कि प्रत्येक बूथ पर अधिक से अधिक पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जाए तथा अभियान को जनभागीदारी के साथ सफल बनाया जाए। बैठक में पूर्व सांसद डॉ. अशोक पटेल, विधायक ऊषा मौर्य, पूर्व एमएलसी लवकुश मिश्रा, संतोष द्विवेदी, प्रदेश सचिव जगनायक सिंह यादव, महेन्द्र बहादुर सिंह बच्चा, विपिन सिंह यादव, रामतीरथ परमहंस, रीता प्रजापति, संगीता राज पासी, जगदीश उर्फ जालिम सिंह, सऊद अहमद, नरेश कोरी, बीना पटेल, रामेश्वर दयाल दयालू गुप्ता, नरेन्द्र मुंश सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, विभिन्न प्रकोष्ठों के जिलाध्यक्षों, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्यों एवं बड़ी संख्या में पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

News Wani