आईसीसी पुरुष टी20 वर्ल्ड कप 2026 में टीम इंडिया ने अपने अभियान की शानदार शुरुआत की है. मुंबई में खेले गए पहले मुकाबले में भारत ने अमेरिका को 29 रन से हराकर जीत दर्ज की थी. अब टीम का अगला मुकाबला नामीबिया से है, लेकिन फैंस की नजरें पहले से ही भारत-पाकिस्तान के हाई-वोल्टेज मैच पर टिकी हैं. इसी बीच भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टीम की तैयारियों और माहौल को लेकर बड़ा बयान दिया है. उन्होंने साफ कहा कि टीम का लक्ष्य सिर्फ खिताब बचाना नहीं, बल्कि हर मैच में बेहतर प्रदर्शन करना है.
“टीम पहले, व्यक्तिगत रिकॉर्ड बाद में”: सूर्यकुमार यादव का मानना है कि जब खिलाड़ी व्यक्तिगत उपलब्धियों से ज्यादा टीम के लक्ष्य को प्राथमिकता देते हैं, तो रिजल्ट अपने आप बेहतर आते हैं. उन्होंने कहा कि पिछले डेढ़ साल में भारत का टी20 प्रदर्शन इसलिए मजबूत रहा है क्योंकि टीम ने एकजुट होकर अच्छा क्रिकेट खेला है. कप्तान के मुताबिक, अगर टीम अनावश्यक दबाव या ज्यादा सोच में फंस जाए तो मुश्किलें बढ़ सकती हैं. मौजूदा भारतीय टीम मानसिक रूप से मजबूत है और सकारात्मक सोच के साथ मैदान में उतरती है. सूर्यकुमार ने विश्वास जताया कि अगर टीम इसी लय में खेलती रही, तो खिताब दोबारा जीतना मुश्किल नहीं होगा.
खुला माहौल है टीम की ताकत: सूर्यकुमार ने टीम के अंदर के माहौल को भी सफलता की बड़ी वजह बताया है. उनका कहना है कि किसी भी टीम खेल में ईमानदारी और खुलकर बात करना बेहद जरूरी होता है. खिलाड़ी अगर अपने विचार खुलकर रख सकें और एक-दूसरे को सुनें, तो रणनीति और बेहतर बनती है. उन्होंने यह भी कहा कि हर खिलाड़ी को अपनी स्वाभाविक खेल के अनुसार खेलने की आजादी दी जानी चाहिए. जिस अंदाज में खिलाड़ी यहां तक पहुंचे हैं, वही उनका आत्मविश्वास है. जब खिलाड़ी बिना डर के खेलते हैं, तो टीम का प्रदर्शन भी बेहतरीम होता है.
लगातार अच्छा रहा है प्रदर्शन: पिछले एक-दो साल में भारत का टी20 रिकॉर्ड काफी प्रभावशाली रहा है. टीम ने कई अहम सीरीज जीती हैं और बड़े मुकाबलों में दबाव झेलने की क्षमता दिखाई है. कप्तान का मानना है कि यह निरंतर सफलता किसी एक खिलाड़ी की नहीं, बल्कि पूरी टीम की मेहनत का नतीजा है. भारत को अब नामीबिया के खिलाफ लय बनाए रखनी होगी, ताकि पाकिस्तान के खिलाफ बड़े मैच से पहले आत्मविश्वास और मजबूत हो. सूर्यकुमार यादव का भरोसा साफ है- अगर टीम एकजुट रही और सकारात्मक सोच के साथ खेली, तो टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत फिर से चैंपियन बन सकता है.
News Wani
