फतेहपुर। अपने ननिहाल में रह रहे ढाई वर्षीय मासूम की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक के बाबा ने मां और मामा पर मासूम की हत्या किए जाने का शक जताया है।
जानकारी के अनुसार राधानगर थाना क्षेत्र के मदनपुर गांव निवासी स्वर्गीय कमल किशोर की मई में मौत हो गई थी। इसके बाद उनकी पत्नी राधा देवी अपने ढाई वर्षीय पुत्र अभियान सिंह को लेकर मायके कला मदारीपुर चली गई थीं। तब से वह वहीं रह रही थीं।
कल शाम मासूम की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पोस्टमार्टम हाउस में मृतक के बाबा शिवमंगल ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि अभियान की मौत हो गई है। जब शव को यहां लाया गया तो उसके शरीर पर चोट के निशान दिखाई दिए। बाबा ने मासूम की मां राधा देवी और मामा छोटू पर हत्या किए जाने का आरोप लगाया है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मासूम की मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा। मामले की जांच की जा रही है।
News Wani
