Breaking News

शाम को घर से निकला युवक की हुई मौत: सुबह तालाब में मिला शव

फतेहपुर। गाजीपुर थाना क्षेत्र के ग्राम लोहारी गढ़वा मजरे गमहरी में शुक्रवार की शाम घर से निकले 25 वर्षीय युवक का शव शनिवार सुबह तालाब से बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। युवक के घर वापस न लौटने पर परिजन पूरी रात उसकी तलाश करते रहे, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका।

जानकारी के अनुसार, लोहारी गढ़वा मजरे गमहरी गांव निवासी बुधराज का पुत्र सुकुरू शुक्रवार शाम करीब छह बजे घर से निकला था। काफी देर बीत जाने के बाद भी जब वह वापस नहीं लौटा तो परिजनों को चिंता हुई। इसके बाद उन्होंने आसपास के इलाकों में उसकी खोजबीन शुरू की, लेकिन काफी प्रयास के बावजूद युवक का कोई सुराग नहीं मिल सका।

शनिवार सुबह तालाब की ओर गए लोगों को पानी में युवक का शव उतराता हुआ दिखाई दिया। इसकी जानकारी मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंच गए और शव की पहचान सुकुरू के रूप में की गई। घटना की सूचना पुलिस को दी गई।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को तालाब से बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आया है।

घटना की जानकारी मृतक के भाई राकेश ने पुलिस को दी। युवक की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

About NW-Editor

Check Also

पत्रकार सुरक्षा को लेकर सीजेए ने राष्ट्रपति से की हस्तक्षेप की मांग

फतेहपुर। साइबर जर्नलिस्ट एसोसिएशन (सीजेए) के राष्ट्रीय महासचिव शीबू खान ने पत्रकारों की सुरक्षा और …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *