– संकल्प लें मेरी माटी मेरा तीर्थ मेरा फतेहपुर मैं ही सवारूंगा
– किशनपुर में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाते समिति के पदाधिकारी।
फतेहपुर। बुंदेलखंड राष्ट्र समिति द्वारा चलाए जा रहे मेरी माटी मेरा तीर्थ मेरा फतेहपुर, मैं ही संवारूंगा अभियान के तहत सोमवार को नगर किशनपुर में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया गया। इस दौरान सामाजिक कार्यकर्ताओं, व्यापारियों और प्रबुद्ध नागरिकों से मुलाकात कर स्वच्छता, जल संरक्षण, स्थानीय विकास और जनभागीदारी पर चर्चा की गई। समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पर्यावरण पहरूवा प्रवीण पांडेय ने कहा कि यह केवल जागरूकता कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनसहभागिता का आंदोलन है। उन्होंने कहा कि जब तक नागरिक स्वयं अपनी माटी और जल स्रोतों को तीर्थ मानकर संरक्षण का संकल्प नहीं लेंगे, तब तक स्थायी विकास संभव नहीं है। उन्होंने युवाओं से तालाबों को अतिक्रमण मुक्त कराने, वृक्षारोपण और स्वच्छता अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। प्रदेश अध्यक्ष यज्ञेश गुप्ता ने बताया कि समिति गांव-गांव और नगर-नगर संपर्क कर रही है, ताकि प्रत्येक नागरिक अपने क्षेत्र के विकास में जिम्मेदारी निभाए। उन्होंने कहा कि फतेहपुर को प्रशासनिक, शैक्षिक और आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए अभियान निरंतर जारी रहेगा। इस अवसर पर समिति ने फतेहपुर जनपद के समग्र विकास के लिए 13 सूत्रीय मांग पत्र भी जारी किया। ज्ञात हो कि फतेहपुर को भारत सरकार द्वारा आकांक्षी जनपद का दर्जा दिया गया है, किंतु वर्ष 2025 की समाप्ति के बाद भी अपेक्षित सुधार नहीं दिखाई दे रहा है। मांग पत्र में प्रमुख रूप से फतेहपुर को बुंदेलखंड विकास निधि से जोड़ने, राजकीय विश्वविद्यालय की स्थापना, देश का पहला जल विश्वविद्यालय खोलने, पत्रकारिता गणेश शंकर विद्यार्थी विश्वविद्यालय की स्थापना, अमर शहीद ठाकुर दरियाव सिंह के नाम पर कृषि महाविद्यालय की स्थापना, जिला अस्पताल के उच्चीकरण, स्थानीय उद्योग नीति लागू करने, खागा को जिला बनाने और ऊंचाहार, खागा, अतर्रा, सागर रेलवे लाइन के सर्वे व बजट स्वीकृति जैसी मांगें शामिल हैं। समिति पदाधिकारियों ने कहा कि यह मांग पत्र किसी एक संगठन का नहीं, बल्कि फतेहपुर की लाखों जनता की सामूहिक आवाज है। उन्होंने विश्वास जताया कि केंद्र सरकार विकसित भारत-2047 के लक्ष्य के अनुरूप जनपद की मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेगी।

News Wani