सहरसा जंक्शन पर बुधवार सुबह एक मालगाड़ी की अंतिम बोगी पटरी से उतर गई। हादसा सुबह 7 बजे हुआ, जब सीमेंट अनलोड करने के बाद मालगाड़ी को यार्ड की ओर संटिंग किया जा रहा था। इसी दौरान अंतिम बोगी के दो पहिए ट्रैक से उतरकर करीब 50 मीटर तक घिसटते चले गए। गनीमत रही कि बोगी पलटी नहीं, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
डीआरएम मौके पर पहुंचे: घटना की सूचना मिलते ही समस्तीपुर रेल मंडल के डीआरएम विनय श्रीवास्तव विशेष ट्रेन से दोपहर 12 बजे सहरसा जंक्शन पहुंचे। उन्होंने रैक पॉइंट का निरीक्षण किया और रेल अधिकारियों से पूरी घटना की जानकारी ली। निरीक्षण के बाद डीआरएम ने बताया कि हादसे की गंभीरता को देखते हुए पांच सदस्यीय जांच टीम बनाई गई है, जो 24 घंटे के भीतर रिपोर्ट सौंपेगी।
कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी: निरीक्षण के दौरान डीआरएम विनय श्रीवास्तव ने स्पष्ट किया कि अगर जांच में किसी तरह की लापरवाही या नियमों की अनदेखी सामने आती है, तो दोषी कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान रेलवे के इंजीनियरिंग और ऑपरेशन विभाग की टीम भी मौके पर मौजूद रही।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार: इस घटना से मालगाड़ी के संचालन पर कोई बड़ा प्रभाव नहीं पड़ा है। फिर भी ऐहतियात के तौर पर संबंधित ट्रैक पर निगरानी बढ़ा दी गई है और तकनीकी टीम स्थिति की सतत जांच कर रही है।
सतर्कता से टला बड़ा हादसा: रेल सूत्रों के अनुसार, स्थानीय कर्मचारियों की सतर्कता से समय पर स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया, जिससे कोई जान-माल की क्षति नहीं हुई। रेल यातायात को भी बाधित नहीं होने दिया गया। फिलहाल ट्रैक को सामान्य करने का कार्य जारी है।
News Wani