फतेहपुर। मलवां ब्लॉक के अंतर्गत रेवाड़ी बुजुर्ग स्थित सब्जी मंडी में नवयुवक जागरण मंच की ओर से रामलीला महोत्सव के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में रजत जयंती महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इसके तहत नौ दिवसीय श्री शिव महापुराण कथा एवं भव्य रामलीला महोत्सव आयोजित होगा। 20 अक्टूबर से 28 अक्टूबर तक चलने वाले इस धार्मिक कार्यक्रम को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है।
महामंडलेश्वर, जूना अखाड़ा के स्वामी श्री आत्मानंद गिरि जी महाराज के मुखारविंद से श्रद्धालु श्री शिव महापुराण कथा का श्रवण करेंगे। कार्यक्रम का शुभारंभ 20 अक्टूबर, मंगलवार को दोपहर 2 बजे भव्य कलश यात्रा के साथ होगा।
आयोजन के दौरान प्रतिदिन सुबह 9 बजे रुद्राभिषेक किया जाएगा, जबकि दोपहर 2 बजे से हरि इच्छा तक कथा का आयोजन होगा। धार्मिक महोत्सव के अंतिम दिन 28 अक्टूबर को पूर्णाहुति एवं प्रसाद वितरण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
वहीं, रामलीला महोत्सव के अंतर्गत 23 अक्टूबर को रात 8 बजे वनवासी लीला और 24 अक्टूबर को रात 8 बजे धनुष यज्ञ का मंचन किया जाएगा।
आयोजकों ने क्षेत्र के समस्त श्रद्धालुओं, धर्मप्रेमियों एवं गणमान्य नागरिकों से कार्यक्रम में शामिल होकर कथा श्रवण करने तथा धार्मिक आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।

News Wani