फतेहपुर। सदर कोतवाली क्षेत्र में हुई मोबाइल फोन छिनैती की घटना में अज्ञात आरोपियों की पहचान के लिए पुलिस ने आमजन से सहयोग की अपील की है। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देश पर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। आरोपियों के संबंध में सही और उपयोगी सूचना देने वाले व्यक्ति को 25 हजार रुपये का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की गई है।
पुलिस के अनुसार, 6 जुलाई को शाम करीब 7:30 बजे शहर स्थित शनिदेव मंदिर के पास सफेद रंग की अपाचे मोटरसाइकिल पर सवार दो अज्ञात युवकों ने आलोक पटेल का काले रंग का आईफोन-15 छीन लिया था। वारदात के बाद दोनों युवक मौके से फरार हो गए। घटना के संबंध में थाना कोतवाली नगर में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस ने घटना से जुड़े सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद आरोपियों के संबंध में महत्वपूर्ण सुराग जुटाए हैं। फुटेज में घटना में इस्तेमाल की गई सफेद रंग की अपाचे मोटरसाइकिल दिखाई दे रही है। पुलिस ने बताया कि मोटरसाइकिल पर पीछे बैठे युवक की टी-शर्ट के पिछले हिस्से पर ‘डीओ’ लिखा हुआ दिखाई देने की जानकारी भी मिली है।
उपलब्ध जानकारी के अनुसार, दोनों युवकों की आखिरी लोकेशन अल्लीपुर बहेरा क्षेत्र में मिली है। पुलिस को आशंका है कि दोनों संदिग्ध युवक थाना सुल्तानपुर घोष क्षेत्र के नौबस्ता अथवा उसके आसपास के इलाके के निवासी हो सकते हैं।
पुलिस आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास कर रही है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को दोनों युवकों की पहचान, नाम-पता या उनके ठिकाने के संबंध में कोई जानकारी हो, तो वह सदर कोतवाली पुलिस को सूचित कर सहयोग करें।
सही और उपयोगी सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी और उसे 25 हजार रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा।

News Wani