Breaking News

“नोएडा यमुना एक्सप्रेसवे पर तीन कारों की टक्कर, दो में लगी भीषण आग, रात में हड़कंप”

ग्रेटर नोएडा के यमुना एक्सप्रेसवे पर शनिवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया. जेवर से नोएडा की ओर जा रही तीन कारें आपस में टकरा गईं, जिसके बाद दो गाड़ियों में अचानक आग लग गई. हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई. लेकिन गाड़ियों में सवार लोगों ने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली. गनीमत ये रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई. घटना के बाद यमुना एक्सप्रेसवे पर जाम लग गया. हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं.  फायर ब्रिगेड ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. आग बुझाए जाने तक दोनों गाड़ियां पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थीं. इस हादसे में दो लोगों को मामूली चोटें आई हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है.

ट्रैफिक को किया गया सुचारू

पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को क्रेन की मदद से सड़क से हटवाया, जिसके बाद यमुना एक्सप्रेसवे पर यातायात को सुचारू कराया गया. प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और आपसी टक्कर मानी जा रही है, हालांकि पुलिस द्वारा मामले की विस्तृत जांच की जा रही है.

आए दिन हो रहे ऐसे हादसे

यमुना एक्सप्रेसवे पर आए दिन हो रहे ऐसे हादसे एक बार फिर सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार पर सवाल खड़े कर रहे हैं. पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे नियमों का पालन करें और सावधानी से वाहन चलाएं.

About NW-Editor

Check Also

“सपनों का कैम्पस या डर का अड्डा? शारदा यूनिवर्सिटी में 29 दिन में दो स्टूडेंट्स की मौत”

ग्रेटर नोएडा: उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में शारदा यूनिवर्सिटी है. हर साल हजारों बच्चे …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *