– सुरक्षा को देखते हुए निधेषज्ञा 16 अक्टूबर तक बढ़ाई गयी
मकबरे की फाइल फोटो।
फतेहपुर। आबूनगर स्थित मकबरा विवाद के बाद अब सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी टाइटिल सूट को लेकर अदालत जाने की तैयारी कर रही है। पहले से चल रहे मामले में भाजपा ने रुचि दिखाते हुए टाइटिल सूट के लिए भाजपा जिलाध्यक्ष मुखलाल पाल ने पार्टी के विधि प्रकोष्ठ को ज़िम्मेदारी सौंपी है।
आबूनगर स्थित मकबरे को भाजपा व हिन्दू संगठन ने ठाकुर जी विराजमान मंदिर बताया था। ग्यारह अगस्त को पूजा करने के लिए एकत्र होने का आह्वान किया था। भाजपा नेताओं, बजरंगदल, विहिप समेत अन्य हिन्दू संगठन के नेताओं के आह्वान पर बड़ी संख्या में लोग एकत्र हुए व मकबरे की सुरक्षा में लगी बेरिकेट्स तोड़कर मकबरे में स्थित मजारों में तोड़फोड़ की गई थी। जिसके बाद प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए 10 नामजद समेत 150 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। भाजपा नेताओं द्वारा मकबरा को ठाकुर जी विराजमान का मंदिर बताया जा रहा है जबकि मुस्लिम पक्ष इसे राष्ट्रीय सम्पत्ति के रूप में दर्ज व मकबरा वाला भाग को वक्फ बोर्ड के अधिकार वाला हिस्सा बता रहा है। वही स्थानीय लोग विवाद को मकबरा से जुड़ी साढ़े दस बीघे बेशकीमती ज़मीन पर स्वमित्व की वजह भी बता रहे हैं। मकबरा-मंदिर विवाद बढ़ने के बाद फिलहाल स्थल के आस-पास पुलिस बेरिकेट्स लगाकर उसे सील कर दिया गया है। साथ ही सुरक्षा में छह जनपदों की फोर्स तैनात है। वहीं घटना के बाद शासन के निर्देश पर कमिश्नर व आईजी ने मामले की जाँच रिपोर्ट शासन को भेजी है।

News Wani