Breaking News

रक्षाबंधन पर दर्दनाक हादसा: बस की टक्कर से जीजा-साले की मौत, एक का सिर धड़ से हुआ अलग

लखीमपुर खीरी। रक्षाबंधन के पावन त्योहार पर लखीमपुर खीरी में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां मातम में बदल दीं। शुक्रवार को लखीमपुर-शारदानगर मार्ग पर निजी बस और बाइक की जोरदार टक्कर में जीजा-साले की मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि पीछे बैठे सियाराम की गर्दन बस के अगले हिस्से से टकराने के बाद धड़ से अलग हो गई और सिर काफी दूर जा गिरा।

नीमगांव निवासी सियाराम (25) अपनी इकलौती बहन निर्मला देवी से राखी बंधवाने के लिए शारदानगर क्षेत्र के बेल खुर्द गांव आया था। राखी बंधवाने के बाद वह अपने बहनोई रमेश चंद्र (32) के साथ बाइक से पतरासी कस्बे में खरीदारी करने गया। दोनों त्योहार के लिए जरूरी सामान लेकर वापस घर लौट रहे थे।

दोपहर करीब दो बजे मुल्ला क्रशर के पास सामने से लखीमपुर से ढखेरवा की ओर जा रही एक निजी बस से उनकी बाइक की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों सड़क पर दूर जा गिरे। इसी दौरान सियाराम की गर्दन बस के बंपर के पास मौजूद किसी नुकीले हिस्से से टकरा गई, जिससे उसकी गर्दन धड़ से अलग हो गई। रमेश चंद्र की भी मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे के बाद बस चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के मुताबिक बाइक सवार दोनों युवकों ने हेलमेट नहीं पहन रखा था। बस चालक की तलाश की जा रही है और उसके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।

राखी की खुशी मातम में बदली

रक्षाबंधन के दिन भाई की कलाई पर राखी बांधने वाली निर्मला देवी ने शायद ही सोचा होगा कि कुछ ही घंटों बाद उसके सामने भाई और पति दोनों की मौत की खबर आ जाएगी। पति रमेश चंद्र घर से हंसते हुए सामान खरीदने निकले थे, लेकिन वापस उनकी लाश पहुंची।

रमेश चंद्र तीन भाइयों में मंझले थे और उनकी चार बहनें हैं। उनके तीन बच्चे हैं। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पिता का शव देखकर उनकी 10 वर्षीय बेटी लक्ष्मी भी बेसुध हो गई। पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।

दूसरी ओर सियाराम की मौत से उसकी इकलौती बहन निर्मला देवी भी गहरे सदमे में है। रक्षाबंधन पर भाई से मिले इस आखिरी मिलन ने पूरे परिवार को ऐसी पीड़ा दे दी, जिसे भुला पाना उनके लिए आसान नहीं होगा।

पुलिस ने शुरू की जांच

सीओ सिटी विवेक तिवारी के अनुसार हादसे में दोनों बाइक सवारों की मौत हुई है। दोनों ने हेलमेट नहीं लगाया था। दुर्घटना के बाद बस को कब्जे में ले लिया गया है और फरार चालक की तलाश की जा रही है। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

About NW-Editor

Check Also

मेरठ सड़क हादसे में निघासन के तीन युवकों की मौत, गांव में पसरा मातम; सपा नेताओं ने जताई संवेदना

संवाददाता: मोहम्मद कमर लखीमपुर खीरी। विधानसभा क्षेत्र निघासन के ग्राम बथुआ के तीन युवकों की …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *