Breaking News

महोबा में मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान तेज, डीएम और एसपी ने केंद्रों का किया औचक निरीक्षण

न्यूज़ वाणी ब्यूरो, महोबा। जनपद में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के तहत मतदाता सूची को दुरुस्त करने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। इसी क्रम में जिलाधिकारी प्रभाष कुमार और पुलिस अधीक्षक शशांक सिंह ने कबरई स्थित अखण्ड इंटर कॉलेज तथा नगर पंचायत कबरई में संचालित मतदाता पंजीकरण केंद्र का औचक निरीक्षण किया। अधिकारियों ने अभियान की प्रगति, व्यवस्थाओं और मतदाता सूची से संबंधित कार्यों का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने नए मतदाताओं के नाम जोड़ने, मतदाता सूची में दर्ज नामों और अन्य विवरणों में संशोधन तथा लंबित आवेदनों के निस्तारण की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने महिला एवं पुरुष मतदाताओं के अनुपात और निर्वाचन से संबंधित अभिलेखों का भी अवलोकन किया।

डीएम ने संबंधित अधिकारियों और बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को निर्देश दिए कि मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए आने वाले प्रत्येक पात्र नागरिक को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाए। प्राप्त आवेदनों का निर्धारित समय-सीमा के भीतर निस्तारण किया जाए, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रह जाए।

उन्होंने कहा कि मतदाता सूची का सही और अद्यतन होना निष्पक्ष एवं व्यवस्थित निर्वाचन प्रक्रिया के लिए बेहद जरूरी है। इसलिए सभी अधिकारी निर्वाचन संबंधी कार्यों को गंभीरता से लें और निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार जिम्मेदारी निभाएं। इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

युवाओं से मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने की अपील

जिलाधिकारी प्रभाष कुमार ने जनपद के सभी पात्र नागरिकों, विशेषकर 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं से अपील की कि वे मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य दर्ज कराएं। जिन नागरिकों के नाम पहले से सूची में शामिल हैं, वे अपने नाम और अन्य विवरणों की जांच कर लें, ताकि भविष्य में मतदान के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने में प्रत्येक मतदाता की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। इसलिए नागरिकों को मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने के साथ-साथ उसमें दर्ज जानकारी की शुद्धता पर भी ध्यान देना चाहिए।

प्रशासन ने पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे अपने नजदीकी मतदान केंद्र पर जाकर मतदाता सूची में अपना नाम जांचें और जरूरत पड़ने पर नाम जुड़वाने या विवरण में संशोधन के लिए आवेदन करें। अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि सभी पात्र नागरिकों को मतदान का अधिकार प्राप्त हो और कोई भी योग्य मतदाता सूची से बाहर न रहे।

About NW-Editor

Check Also

डीएम व एसपी ने कानपुर रोड स्थित खनिज बैरियर का किया औचक निरीक्षण; अवैध खनन व ओवरलोडिंग पर सख्त दिखे अधिकारी

न्यूज़ वाणी ब्यूरो, महोबा। जनपद में अवैध खनन और खनिजों के अवैध परिवहन पर रोक …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *