Breaking News

फतेहपुर में स्नातक एमएलसी चुनाव का मतदान पूरा, 47.20% वोटिंग के बाद प्रत्याशियों की किस्मत मतपेटियों में बंद

फतेहपुर। इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन का मतदान शुक्रवार को जिले में सकुशल संपन्न हो गया। सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक जिले में बनाए गए 15 मतदान केंद्रों के 25 बूथों पर स्नातक मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान के साथ ही चुनाव मैदान में उतरे प्रत्याशियों की किस्मत मतपेटियों में कैद हो गई। अब 27 अक्टूबर को होने वाली मतगणना के बाद ही चुनावी तस्वीर पूरी तरह साफ होगी।

जिले में कुल 17,596 स्नातक मतदाता पंजीकृत थे, जिनमें 11,969 पुरुष और 5,627 महिला मतदाता शामिल थे। मतदान के दौरान कुल 8,306 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इनमें 6,067 पुरुष और 2,239 महिला मतदाता शामिल हैं। इस तरह जिले में कुल 47.20 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। पुरुष मतदाताओं का मतदान प्रतिशत करीब 50.69 प्रतिशत, जबकि महिला मतदाताओं का मतदान प्रतिशत 39.79 प्रतिशत रहा।

मतदान को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला और पुलिस प्रशासन की ओर से पहले ही व्यापक तैयारियां की गई थीं। मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था के साथ प्रशासनिक अधिकारियों की निगरानी भी रही। हालांकि, विजयपुर विकासखंड कार्यालय स्थित बूथ संख्या 159 पर सपा और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच विवाद हो गया। दोनों पक्षों के कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए, जिससे कुछ देर के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हस्तक्षेप किया और स्थिति को शांत कराया।

जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स और पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने संयुक्त रूप से विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, कार्यालय क्षेत्र पंचायत विजयपुर, कार्यालय क्षेत्र पंचायत बहुआ तथा तहसील खागा स्थित मतदान केंद्रों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान डीएम और एसपी ने मतदान केंद्रों पर उपलब्ध व्यवस्थाओं को देखा और संबंधित अधिकारियों से आवश्यक जानकारी ली। अधिकारियों ने मतदान प्रक्रिया को व्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जरूरी दिशा-निर्देश भी दिए।

शाम चार बजे मतदान समाप्त होने के बाद निर्धारित प्रक्रिया के तहत मतपेटियों को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच स्ट्रांग रूम पहुंचाया गया। अब सभी की निगाहें 27 अक्टूबर को होने वाली मतगणना पर टिकी हैं। मतगणना के बाद ही पता चलेगा कि इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन में जीत का ताज किस प्रत्याशी के सिर सजेगा।

इस चुनाव में समाजवादी पार्टी की ओर से मान सिंह यादव और भारतीय जनता पार्टी की ओर से अशोक कुमार राठौर प्रमुख रूप से मैदान में रहे। फिलहाल दोनों प्रत्याशियों के समर्थक अपनी-अपनी जीत के दावे कर रहे हैं, लेकिन अंतिम फैसला मतगणना के बाद ही सामने आएगा।

About NW-Editor

Check Also

फतेहपुर में अवैध शराब के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई, 73 पाउच के साथ युवक पकड़ा गया

  फतेहपुर। अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *