ब्यूरो संजीव शर्मा
इटावा, मिशन शक्ति फेज 5.0 अभियान के अंतर्गत थाना ऊसराहार क्षेत्र के ग्राम नंगला गंगे में जागरूकता चौपाल का आयोजन किया गया, जिसमें महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षा, स्वास्थ्य और अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित महिलाओं और किशोरियों को मिशन शक्ति से संबंधित पंपलेट वितरित किए गए तथा उन्हें विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों और सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। चौपाल में महिलाओं को बताया गया कि किसी भी आपात स्थिति में घबराने की आवश्यकता नहीं है, बल्कि तुरंत संबंधित हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क कर सहायता प्राप्त की जा सकती है। साथ ही साइबर अपराधों से बचाव के उपाय भी समझाए गए, ताकि महिलाएं डिजिटल माध्यमों पर भी सुरक्षित रह सकें। कार्यक्रम के दौरान निम्न महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी साझा की गई, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, स्वास्थ्य सेवा एवं एंबुलेंस 102 व 108, वीमेन पावर लाइन 1090, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, वीमेन हेल्पलाइन 181, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930, एलपीजी गैस रिसाव हेल्पलाइन 1906 तथा उपभोक्ता अधिकार हेल्पलाइन 1915। इसके अतिरिक्त महिलाओं को विभिन्न जनकल्याणकारी सरकारी योजनाओं के बारे में भी जागरूक किया गया, जिनमें विधवा पेंशन योजना, वृद्धावस्था पेंशन योजना, सुकन्या समृद्धि योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, नशा मुक्ति भारत अभियान, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, प्रधानमंत्री छात्रवृत्ति योजना, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन तथा आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना प्रमुख रहीं। महिलाओं और बालिकाओं को संदेश दिया गया कि स्वस्थ और सतर्क रहना ही वास्तविक सुरक्षा है। उन्हें प्रेरित किया गया कि वे इन योजनाओं का लाभ उठाकर अपने और अपने परिवार के जीवन स्तर को बेहतर बनाएं, पढ़ाई को प्राथमिकता दें तथा प्राप्त जानकारी को परिवार और परिचितों के साथ साझा करें। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर, जागरूक और सुरक्षित बनाना रहा, ताकि वे अपने अधिकारों को पहचान सकें और आवश्यकता पड़ने पर बिना संकोच सहायता प्राप्त कर सकें।
News Wani
