Breaking News

सांसों पर संकट, मास्क पहनकर कलेक्ट्रेट पहुंचे युवा

– पर्यावरण बचाने को बुलंद की आवाज, एडीएम को सौंपा ज्ञापन
– कलेक्ट्रेट में मास्क पहनकर व पौधे लेकर प्रदर्शन करते समिति के पदाधिकारी।
फतेहपुर। बढ़ते प्रदूषण, तेजी से घटती हरियाली और प्राकृतिक संसाधनों पर बढ़ते खतरे को लेकर सोमवार को युवा विकास समिति के पदाधिकारियों ने कलेक्ट्रेट परिसर में अनोखा और प्रभावशाली प्रदर्शन किया। मुंह पर मास्क लगाए, हाथों में पौधे और पर्यावरण संरक्षण के संदेश लिखे बैनर लेकर पहुंचे युवाओं ने प्रशासन का ध्यान पर्यावरणीय समस्याओं की ओर आकर्षित किया। प्रदर्शन के दौरान युवाओं ने कहा कि जिले में बढ़ रहे औद्योगिक प्रदूषण के कारण लोगों के स्वास्थ्य पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है। फैक्ट्रियों से निकलने वाला धुआं वातावरण को जहरीला बना रहा है, जिससे सांस संबंधी बीमारियां बढ़ रही हैं और कृषि फसलें भी प्रभावित हो रही हैं। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो स्थिति और भयावह हो सकती है। युवाओं ने भूगर्भ जल के लगातार दूषित होने, जलस्तर में गिरावट और तालाबों पर हो रहे अतिक्रमण को लेकर भी गहरी चिंता व्यक्त की। उनका आरोप था कि राजस्व विभाग की उदासीनता के कारण जिले के कई तालाबों पर अवैध कब्जे हो चुके हैं, जिससे जल संरक्षण की परंपरागत व्यवस्था खत्म होती जा रही है। नारेबाजी के बीच प्रदर्शनकारियों ने जल है तो कल है, पेड़ बचाओ-जीवन बचाओ और प्रकृति बचाओ-भविष्य बचाओ जैसे संदेशों के जरिए लोगों को जागरूक करने का प्रयास किया। प्रदर्शन के बाद युवाओं ने जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन एडीएम को सौंपते हुए प्रदूषण फैलाने वाली फैक्ट्रियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई, तालाबों को अतिक्रमण मुक्त कराने और जल संरक्षण के लिए ठोस नीति लागू करने की मांग की। प्रदर्शन में प्रवीण पाण्डेय, मुकेश समेत बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ता मौजूद रहे। युवाओं के इस अनोखे प्रदर्शन ने कलेक्ट्रेट परिसर में लोगों का ध्यान आकर्षित किया और पर्यावरण संरक्षण के प्रति एक मजबूत संदेश दिया।

About NW-Editor

Check Also

बिजली संकट पर हिंदू महासभा का फूटा गुस्सा

– 17 जून को बिजली विभाग कार्यालय घेरने का ऐलान – बैठक को संबोधित करते …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *